UP News LIVE: बरेली में शादी के पांच महीने बाद विवाहिता की मौत, एक क्लिक में पढ़ें उत्तर प्रदेश की हर बड़ी खबर

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 September 2026 , 7:59 PM
google-preferred

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 16 Sep 2026 07:59 PM (IST)

      Kanpur News: कैमरों से चेहरा छिपाती रही शालू, कोर्ट में पेश हुए तीनों आरोपित

      कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपितों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। पेशी के दौरान आरोपित शालू मीडिया के कैमरों से अपना चेहरा छिपाती नजर आई। वह लगातार फोटो खींचने वाले लोगों को रोकने के लिए कहती रही। कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी रही।

      हालांकि वकीलों की हड़ताल के चलते बुधवार को मामले में रिमांड को लेकर सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 19 सितंबर को होगी। पुलिस की ओर से आरोपितों की कस्टडी रिमांड लेने के लिए कोर्ट में आवेदन दाखिल किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड मिलने के बाद हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच आगे बढ़ाई जा सकेगी।

      Image

    • 16 Sep 2026 07:58 PM (IST)

      Deoria News: दहेज हत्या के मामले में वांछित पति गिरफ्तार

      देवरिया। रुद्रपुर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को डॉन बॉस्को स्कूल रुद्रपुर से सहनकोट माता मंदिर जाने वाले मोड़ के पास से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

      पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजन सैनी पुत्र सुरेश सैनी, निवासी शिवाला वार्ड, रुद्रपुर, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 462/2026 के तहत धारा 80(2), 85 बीएनएस और 3/4 डीपी एक्ट में मुकदमा दर्ज है।

      बताया गया कि 7 मई 2026 को राजन सैनी की शादी रुद्रपुर कस्बा निवासी युवती से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित कर रहे थे। वादिनी के अनुसार, 13 सितंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी पुत्री की हत्या कर दी।

      Image

    • 16 Sep 2026 07:57 PM (IST)

      Prayagraj News: सिविल लाइंस प्रयागराज में महाआंदोलन

      प्रयागराज, 16 सितंबर 2026। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में TGT-PGT के लगभग 20,000 रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर तत्काल विज्ञापन जारी करने, स्नातक में 50 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता, TET/CTET तथा सामान्य अध्ययन (GK/GS) से संबंधित नए प्रावधानों पर पुनर्विचार की मांग को लेकर युवा मंच का आंदोलन लगातार जारी है। आमरण अनशन भी जारी है और अनशनकारियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। चारों आमरण अनशनकारियों ने सुबह बेली हास्पिटल से सीधे धरना स्थल पर पहुंच कर भर्ती में पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न की मांग को लेकर मजबूती से संघर्ष करने की बात कही।

      Image

    • 16 Sep 2026 07:55 PM (IST)

      Prayagraj News: इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र आंदोलन को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अवनीश यादव का समर्थन

      प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन को विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अवनीश यादव जी ने समर्थन दिया। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की और विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

      इसी क्रम में समाजवादी छात्र सभा, इलाहाबाद विश्वविद्यालय इकाई द्वारा PDA छात्र-नौजवान जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से छात्रों और नौजवानों को शिक्षा, रोजगार तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।

      Image

    • 16 Sep 2026 07:54 PM (IST)

      Maharajganj News: नगर पालिका में फिर बजेगा चुनावी बिगुल

      महराजगंज: नगर पालिका परिषद महराजगंज के वार्ड संख्या-7 शिवनगर में सभासद पद के रिक्त होने के बाद उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। चुनाव की तारीख सामने आते ही वार्ड में सियासी हलचल तेज होने की संभावना है। प्रशासन ने नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की पूरी समय-सारिणी जारी कर दी है।

      रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से 18 सितंबर 2026 को सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी। इसी दिन से नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री भी शुरू हो जाएगी। इच्छुक प्रत्याशी 24 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

      इसके बाद 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच शुरू होगी और कार्य समाप्ति तक प्रक्रिया चलेगी। प्रत्याशियों के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 28 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है।

      Image

    • 16 Sep 2026 07:53 PM (IST)

      Pratapgarh News: सुरों और लोक संस्कृति से महकी यक्ष-युधिष्ठिर की पावन धरा

      प्रतापगढ़। पौराणिक स्थल अजगरा स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थली पर आयोजित त्रैदिवसीय 'अजगरा महोत्सव-2026' के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही महोत्सव परिसर में सजे विभिन्न सरकारी विभागों के स्टालों पर उमड़ी भीड़ ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां लीं।

      बुधवार को महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य आकर्षण स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आइंस्टीन पब्लिक स्कूल लालगंज, संगम इंटरनेशनल स्कूल प्रतापगढ़, ब्राह्मी बालिका इंटर कॉलेज लीलापुर, आत्रेय एकेडमी, वीएसएस एकेडमी एवं पुलिन फाउंडेशन के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक विषयों पर आधारित शानदार नृत्य व नाटक प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

      इसके बाद लोक गायन और पारंपरिक विधाओं का दौर शुरू हुआ। विख्यात बिरहा गायक कल्लू निराला ने अपने चिरपरिचित अंदाज में बिरहा गाकर न सिर्फ लोगों का मनोरंजन किया, बल्कि गीतों के माध्यम से सरकार की विभागीय योजनाओं को जनता तक पहुंचाया। वहीं, संस्कृति विभाग की कलाकार शशी यादव ने बेहतरीन लोकगायन प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी।

      Image

    • 16 Sep 2026 07:51 PM (IST)

      Chandauli News: फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर साइबर ठगी

      चंदौली में साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी बनाकर साइबर ठगी करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त आशीष गैलवार को लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र से मोबाइल लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी द्वारा बैंक खाता उपलब्ध कराने और गिरोह के अन्य सदस्यों के संपर्क में रहने का खुलासा हुआ है।

      यह गिरोह फर्जी लोन के नाम पर प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी मनी और बीमा शुल्क के रूप में लोगों से ठगी करता था। विभिन्न राज्यों में इस गिरोह से जुड़ी 16 साइबर शिकायतें दर्ज हैं और इनके बैंक खातों में करीब 1.42 करोड़ रुपये की फ्रॉड रकम होल्ड होने की जानकारी मिली है। पूर्व में भी इस गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में बैंकिंग उपकरण, 350 पासबुक, 21 रजिस्टर, फर्जी पहचान पत्र और मोहरें बरामद की जा चुकी हैं। वर्तमान में गिरफ्तार आरोपी के पास से एक की-पैड मोबाइल मिला है। साइबर क्राइम थाने में आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

    • 16 Sep 2026 06:54 PM (IST)

      Pratapgarh News: संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश

      प्रतापगढ़। बेल्हा क्राइम ब्रांच ने संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त फर्जी फर्मों के नाम पर करंट/कॉर्पोरेट खाते खुलवाकर देशभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी, ट्रेडिंग फ्रॉड व साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करते थे।

      पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2026 को की गई कार्रवाई में शाकिब खान पुत्र स्व. सगीर खान, निवासी फ्रेजर रोड पटना (मूल निवासी थाना लासा, वाराणसी) तथा संदीप कुमार पुत्र टुनटुन लाल रजक, निवासी बंदर बगीचा, पटना बिहार को गिरफ्तार किया गया।

      थाना कोतवाली देहात में 16 जुलाई 2026 को वादी डॉ. सुमनेश सिंह निवासी भुवालपुर डोमीपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बड़ौदा यूपी बैंक, शाखा मोहनगंज के खाते से साइबर धोखाधड़ी कर 2.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसी मुकदमे मु.अ.सं. 0190/2026 धारा 318(4)/319(2) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट की विवेचना में यह बड़ा नेटवर्क सामने आया।

      Image

    • 16 Sep 2026 06:52 PM (IST)

      Mirzapur News: रेलवे अंडरब्रिज के जलभराव और कीचड़ में फंसी बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्र की गाड़ी

      मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव स्थित रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव और कीचड़ की समस्या के कारण नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र की गाड़ी फंस गई। बुधवार को कहीं से लौट रहे विधायक की गाड़ी अंडरपास के गंदे पानी और कीचड़ में इस तरह फंसी कि घंटों की मशक्कत के बाद अंततः ट्रैक्टर बुलाकर गाड़ी को खींचकर बाहर निकालना पड़ा।

      इस घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तंज कसते हुए कहा कि जिस समस्या से रोजाना सैकड़ों आम नागरिक और दर्जनों गांवों के लोग जूझते हैं, आज उसी रास्ते पर विधायक के फंसने से उन्हें भी इसकी असलियत का अहसास हुआ है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब विधायक जी इस गंभीर समस्या का कोई ठोस समाधान जरूर निकालेंगे।

    • 16 Sep 2026 06:50 PM (IST)

      Sultanpur News: बल्दीराय में पुलिस-प्रशासन की पैदल गश्त

      सुलतानपुर, 16 सितंबर। आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन, दुर्गा पूजा और दशहरा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने बल्दीराय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बुधवार को उप जिलाधिकारी बल्दीराय और क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पारा बाजार और कस्बा वलीपुर में पुलिस ने पैदल गश्त की।

      पुलिस-प्रशासन की टीम ने प्रमुख बाजारों, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, दुकानदारों और क्षेत्रवासियों से संवाद कर आगामी त्योहारों के संबंध में सुझाव लिए गए। लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।
      सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरे से धार्मिक स्थलों के आसपास स्थित मकानों की छतों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी भी की गई।

      Image

    • 16 Sep 2026 06:49 PM (IST)

      Fatehpur News:  बेशकीमती जमीन में कब्जे को लेकर भाजपा नेता के साथ मारपीट

      यूपी के फतेहपुर जिले के थरियांव के हस्वा में बेशकीमती जमीन में कब्जे को लेकर गोलिया चलने से दहशत फैल गई। घटना के बाद लोग जान बचाकर भागते नजर आए। वहीं इस घटना के बाद महिलाएं सहित चार लोग घायल हो गए। जिन्हें मेडिकल के लिए भेजकर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। बताया जा रहा है कि जमीन मालिक सूर्यभान सिंह राठौर की दो पत्नियां थी, पहली पत्नी कृष्णा देवी और दूसरी पत्नी सुनैना देवी।

      सुनैना देवी जो कि कानपुर में रहती है, जिससे भाजपा नेता रिंकू लोहारी ने लगभग 2 बीघा जमीन को बैनामा करवा लिया। जबकि कृष्णा देवी के बेटों का आरोप है कि जिसे पत्नी बता रहे है वह मृतक सूर्यभान सिंह राठौर की मामी है जिसे पत्नी बताकर वर्ष 2023 में गलत नाम जमीन में अंकित करवा लिया गया था।

      जिसे SDM कोर्ट में खारिज करवा देने के बाद नायब तहसीलदार के यहां रेस्टोरेशन के लिए मामला चल रहा है। गाटा संख्या 195 ने लगभग 5.16 बीघा जमीन है। आज जबरन कब्जा करने की नीयत से रिंकू लोहारी अपने साथियों के साथ आए जो फायरिंग कर दिए। जबकि इस मामले में भाजपा नेता फायरिंग की बात से इंकार कर दिया। हालांकि SP अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जा रही है।

    • 16 Sep 2026 06:47 PM (IST)

      Sultanpur News: किसान दिवस में गूंजा किसानों की समस्याओं का मुद्दा

      सुलतानपुर। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने अधिकारियों को किसान दिवस में प्राप्त किसानों की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निस्तारण की जानकारी संबंधित किसान को भी उपलब्ध कराई जाए।

      जिलाधिकारी बुधवार को विकास भवन के प्रेरणा सभागार में आयोजित किसान दिवस की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में किसानों ने विद्युत, सिंचाई, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य और बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

      जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी को संबंधित किसानों के साथ बैठक कर आंवला, मत्स्य पालन और डेयरी के क्षेत्र में संभावनाएं चिन्हित करने तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ के तहत कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

      Image

    • 16 Sep 2026 06:46 PM (IST)

      Sultanpur News: अवध को समझने के लिए अवधी साहित्य पढ़ना जरूरी : प्रो. कृष्ण कुमार सिंह

      सुलतानपुर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि अवध को समझने के लिए अवधी साहित्य का अध्ययन जरूरी है। जायसी और तुलसी की रचनाओं में अवध की संस्कृति स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह आचरण में दिखाई दे। इसलिए विद्या को आचरण से जोड़ना जरूरी है।

      प्रो. सिंह बुधवार को राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विवेकानंद सभागार में हिन्दुस्तानी एकेडेमी के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। ‘भारतीय ज्ञान परम्परा और अवधी साहित्य एवं संस्कृति’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी तीन सत्रों में हुई।

      Image

    • 16 Sep 2026 06:44 PM (IST)

      Ballia News: साइबर ठगी के 98 हजार रुपये पुलिस ने कराए वापस

      बलिया। साइबर ठगी का शिकार हुई नगरा क्षेत्र की महिला को पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने बड़ी राहत दिलाई है। तकनीकी जांच और उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से ठगी के जरिए खाते से निकाली गई 98 हजार रुपये की पूरी रकम बरामद कराकर आवेदिका को वापस दिलाई गई। अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिलने पर महिला ने बलिया पुलिस और नगरा पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

      नगरा थाना क्षेत्र के परसरा जुड़न गांव निवासी समा प्रवीन पत्नी शेख अतिउल्लाह ने 26 अगस्त 2026 को साइबर ठगी की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 33108260222346 में बताया गया कि साइबर ठगों ने उनका फोन हैक कर धोखाधड़ी से UPI के माध्यम से 98 हजार रुपये स्थानांतरित कर लिए।

      Image

    • 16 Sep 2026 06:42 PM (IST)

      Deoria News: गोला घाट पर पानी में गिरा अज्ञात बुजुर्ग

      देवरिया/सलेमपुर। थाना सलेमपुर क्षेत्र के गोला घाट, सब्जी मंडी स्थित मझौली वार्ड नंबर-2 में बुधवार दोपहर पानी में गिरने से करीब 65 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए व्यक्ति को पानी से बाहर निकाला, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

      जानकारी के अनुसार बुधवार को करीब 3:30 बजे गोला घाट के पास एक अज्ञात व्यक्ति पानी में गिर गया। घाट पर मौजूद ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो चार-पांच लोगों ने मिलकर उसे पानी से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। बाद में व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

      Image

    • 16 Sep 2026 06:37 PM (IST)

      Pratapgarh News: गणेश पंडाल के पास पोल में उतरे करंट से किशोर की मौत

      प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के चिलबिला में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गणेश पूजा पंडाल के पास विद्युत पोल में उतर रहे करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक सपा नेता का पौत्र बताया जा रहा है।

      चिलबिला दसियापुर निवासी सपा नेता प्यारेलाल खैरा के घर के पास गणेश पूजा पंडाल लगा है। उनके पौत्र निखिल वर्मा (16) पुत्र रामलाल बुधवार दोपहर दो दोस्तों के साथ पंडाल के पास गया था। इसी दौरान बारिश के चलते वहां पास में लगे विद्युत पोल में उतर रहे करंट की चपेट में आ गया।

      करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई और उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद लोग शव लेकर वापस लौट आए।

      Image

       

    • 16 Sep 2026 06:36 PM (IST)

      Chandauli News: 3.5 लाख नकद और कार समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

      चंदौली में मुगलसराय कोतवाली पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास घेराबंदी कर गिरोह के 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

      यह गिरोह दिन में बंद मकानों की रेकी कर रात में ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर 3.50 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, टीवी, गैस सिलेंडर, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक वेन्यू कार और वारदात में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। इस कार्रवाई से मुगलसराय, चंदौली और बलुआ क्षेत्र में हुई कई चोरियों का खुलासा हुआ है। पकड़े गए आरोपियों पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें एक शातिर पर एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

    • 16 Sep 2026 06:34 PM (IST)

      Fatehpur News: हाईवे किनारे जमीन पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष

      फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र के हंसवा चौकी के पास हाईवे किनारे स्थित 5 बीघे बेशकीमती जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। विवाद के दौरान दबंगों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

      इस हिंसक झड़प और मारपीट के दौरान एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि भाजपा नेता रिंकू लोहारी ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर गोलीबारी की और यह हंगामा खड़ा किया। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

    • 16 Sep 2026 05:48 PM (IST)

      Pratapgarh News: डांट से क्षुब्ध 20 वर्षीय युवती ने लगाई फांसी

      प्रतापगढ़: संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोपालगंज गांव में बुधवार को परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर 20 वर्षीय युवती शिवानी (पुत्री राजेश पटेल) ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह परिजनों द्वारा डांट-फटकार लगाने से आहत युवती ने कमरे में यह आत्मघाती कदम उठाया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने अंदर देखा तो कोहराम मच गया।

      सूचना पाकर संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष आवन कुमार दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है; तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    • 16 Sep 2026 05:46 PM (IST)

      Fatehpur News: जमीन के कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष

      फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र के हस्वा कस्बे में हाईवे की बेशकीमती जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। विवाद के दौरान चली गोली से इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई, जिसमें दो महिलाओं सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

      इस घटना में एक पक्ष ने स्थानीय भाजपा नेता पर गोली चलाने का गंभीर आरोप लगाया है। तनाव और आक्रोश के चलते उग्र भीड़ ने भाजपा नेता की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    • 16 Sep 2026 05:45 PM (IST)

      Deoria News: पुलिस ने सोलर वाटर कूलर बैटरी चोरी का किया खुलासा

      देवरिया कोतवाली पुलिस ने सोलर आरओ वाटर कूलर की इन्वर्टर बैटरी चोरी के मामले का खुलासा कर दो वांछित आरोपियों आरिफ अंसारी और अरसद अंसारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की बैटरी, 8,760 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाई जा रही मुहिम के तहत की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 16 सितंबर को माल गोदाम के पास से दबोचा और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

      Image

    • 16 Sep 2026 05:42 PM (IST)

      Pratapgarh News: ट्रेन की चपेट में आने से दर्जनभर बकरियों की मौत

      प्रतापगढ़। प्रयागराज-रायबरेली रेलमार्ग पर बुधवार दोपहर खिरिदीपुर गांव के पास एक बड़ा हादसा टल गया। रेल पटरी पार कर रहीं करीब दर्जनभर बकरियां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी कटकर मौत हो गई। हालांकि, सजगता के चलते बकरी चराने वाली महिलाएं बाल-बाल बच गईं।

      कुंडा कोतवाली क्षेत्र के खिरिदीपुर गांव के पास बुधवार दोपहर में कुछ महिलाएं रेल पटरी के किनारे अपनी बकरियां चरा रही थीं। इसी बीच प्रयागराज-रायबरेली रेलमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई। बकरियों को पटरी पर देख रेलवे गेटमैन ने शोर मचाते हुए आवाज लगाई और महिलाओं व बकरियों को तुरंत वहां से हटने को कहा। गेटमैन की आवाज सुनकर महिलाएं तो फौरन पटरी से दूर हट गईं, लेकिन चर रहे मवेशी रेलवे ट्रैक से नहीं हट सके।

      देखते ही देखते तेज रफ्तार ट्रेन बकरियों को रौंदते हुए निकल गई। इस हादसे में करीब 12 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। चरवाहा महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। गेटमैन की तत्परता से महिलाओं की जान तो बच गई, लेकिन पशुपालकों का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

    • 16 Sep 2026 05:40 PM (IST)

      Bareilly News: अग्निवीर भर्ती की दौड़ में हांफे अभ्यर्थी

      बरेली होमगार्ड और अग्निवीर सेना भर्ती की दौड़ बुधवार को पांच युवकों के लिए मुश्किल बन गई। शहर में अलग-अलग स्थानों पर चल रही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान चार अभ्यर्थी दौड़ते-दौड़ते बेहोश होकर गिर पड़े, जबकि एक युवक पैर मुड़ने से घायल हो गया। ग्राउंड पर मौजूद एंबुलेंस और पुलिसकर्मियों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

      डोरीलाल स्टेडियम में चल रही होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शाहजहांपुर के अल्हागंज कस्बा निवासी 27 वर्षीय आलोक पाल हिस्सा ले रहे थे। बताया गया कि 11वें राउंड के दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और वह मैदान में गिरकर बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें संभाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी 29 वर्षीय संजू भी होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शामिल थे। आठवें राउंड में दौड़ते समय अचानक उनका पैर मुड़ गया। इससे वह मैदान पर गिर पड़े और पैर में गंभीर चोट आ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

      Image

    • 16 Sep 2026 05:38 PM (IST)

      Deoria News: 10.638 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

      देवरिया। बरहज थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 किलो 638 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

      पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान के पर्यवेक्षण में बरहज पुलिस टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन बरहज के पीछे मंदिर के पास घेराबंदी की।

      इस दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में अजीत गौड़ (26) निवासी दुर्गीपुर, थाना मनियर, जनपद बलिया, विनोद पाण्डेय (45) निवासी सेडुआ पकड़ी बाजार, थाना मदनपुर, देवरिया और दिलीप पाण्डेय (40) निवासी बरसात, थाना बरहज, देवरिया को गिरफ्तार किया।

      Image

       

    • 16 Sep 2026 05:36 PM (IST)

      Deoria News: छात्र की पिटाई मामले में डीएम ने लिया संज्ञान

      देवरिया। बैतालपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बटुलही स्थित कंपोजिट परिषदीय विद्यालय में कक्षा दो के छात्र को केला मांगने पर शिक्षक द्वारा कथित रूप से बुरी तरह पीटे जाने के मामले में डाइनामाइट न्यूज़ देवरिया की खबर का असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

      जिलाधिकारी मकसूदन हुल्गी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में शिक्षक, छात्र-छात्राओं तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र के साथ हुई घटना को लेकर संबंधित शिक्षक से जानकारी ली और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा।

      जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित शिक्षक को सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      Image

    • 16 Sep 2026 05:35 PM (IST)

      Muzaffarnagar News: डॉक्टर से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप

      मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में जानसठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक एवं जनरल सर्जन डॉक्टर आशीष वशिष्ठ ने एक व्यक्ति पर अस्पताल संचालन के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। डॉक्टर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

      एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में डॉक्टर आशीष वशिष्ठ ने बताया कि वह जानसठ रोड स्थित वशिष्ठ हॉस्पिटल के संचालक एवं जनरल सर्जन हैं। उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और अस्पताल में कार्य करती हैं। शिकायत के मुताबिक कादीपुर निवासी जयवीर सिंह स्वयं को जाट महासभा मुजफ्फरनगर का सचिव बताता है। डॉक्टर का आरोप है कि जयवीर सिंह तथा उसके कुछ सहयोगी प्रतिष्ठित व्यवसायियों के खिलाफ शिकायतें कर अवैध रूप से धन वसूलने का प्रयास करते हैं।

      Image

    • 16 Sep 2026 05:32 PM (IST)

      Pratapgarh News: आपत्तिजनक तस्वीर वायरल होने से आहत युवती ने लगाई फांसी

      प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के बुढ़ौरा कुंभापुर गांव में प्रेम प्रसंग का एक बेहद दर्दनाक अंत सामने आया है। एक नवविवाहिता युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के कुछ ही समय बाद, उसके पड़ोस में रहने वाले प्रेमी ने भी संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी जान दे दी। घटना के बाद एक ही गांव के दो पड़ोसी परिवारों से एक साथ अर्थी उठने पर पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

      पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, कुंभापुर गांव निवासी 25 वर्षीय आंचल गौतम (बदला हुआ नाम) की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद भी आंचल का झुकाव अपने पड़ोस में रहने वाले पूर्व प्रेमी की तरफ था। वह अक्सर अपने प्रेमी से बातचीत किया करती थी, जिससे उसका पति काफी नाराज रहता था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

      Image

    • 16 Sep 2026 05:29 PM (IST)

      Mainpuri News: 22.5 किलो अवैध गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

      मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना किशनी पुलिस, सर्विलांस और स्वाट (SWAT) टीम की संयुक्त कार्रवाई में NDPS एक्ट के तहत दो शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 22.560 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।

      ​पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। चेकिंग और गश्त के दौरान पुलिस टीम ने इटावा-बेवर मार्ग स्थित सहारा मोड़ पर दबिश देकर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद दो ट्राली बैग/सूटकेस में भरकर रखा गया अवैध गांजा बरामद हुआ।

      Image

    • 16 Sep 2026 05:26 PM (IST)

      Hamirpur News: झोपड़पट्टी में संदिग्ध हालत में अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप

      यूपी के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में NH-34 किनारे पशु बाजार के पास स्थित झोपड़पट्टी में एक अधेड़ का संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

      सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
      मृतक शराब और गांजा पीने का आदी बताया जा रहा है। हालांकि अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है

    • 16 Sep 2026 05:23 PM (IST)

      Deoria News: लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी

      देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को नवीन मंडी स्थल देवरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का स्थलीय जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही मिलने पर वेतन रोकने समेत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।

      निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में निर्माणाधीन 25 ‘स’ श्रेणी की दुकानों, छायादार नीलामी चबूतरा, चार वाटर स्टैंड पोस्ट एवं जलापूर्ति व्यवस्था, आरसीसी नाली तथा आंतरिक मार्गों के निर्माण व मरम्मत कार्यों को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।Image

    • 16 Sep 2026 04:13 PM (IST)

      Deoria Live Update: शाही स्टेडियम में 70वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न

      देवरिया के स्वर्गीय रविंद्र किशोर शाही स्टेडियम में 70वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में देवरिया सदर, देवरिया ग्रामीण, रुद्रपुर, बरहज और भाटपार रानी तहसील की टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ दमखम दिखाया। समापन पर विजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

    • 16 Sep 2026 04:12 PM (IST)

      नवीन मंडी में अधूरे निर्माण कार्य एक सप्ताह में होंगे पूरे

      देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को नवीन मंडी स्थल देवरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का स्थलीय जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही मिलने पर वेतन रोकने समेत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।

      निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में निर्माणाधीन 25 ‘स’ श्रेणी की दुकानों, छायादार नीलामी चबूतरा, चार वाटर स्टैंड पोस्ट एवं जलापूर्ति व्यवस्था, आरसीसी नाली तथा आंतरिक मार्गों के निर्माण व मरम्मत कार्यों को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    • 16 Sep 2026 01:51 PM (IST)

      Hamirpur Live Update: युवक ने फांसी लगाकर दी जान

      हमीरपुर के जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड कस्बे में अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने घर के टीन शेड में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि युवक शराब का आदी था। वहीं, मोहल्ले में शराब का ठेका होने का महिलाओं ने विरोध जताते हुए उसे हटाने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

    • 16 Sep 2026 01:50 PM (IST)

      Hardoi Live Update: सोती पत्नी की चाकू से वार कर हत्या

      हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र के इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले में बुधवार देर रात 28 वर्षीय नगमा की कथित तौर पर चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, पति परवेज को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बातचीत करने का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

    • 16 Sep 2026 01:49 PM (IST)

      Hamirpur Live Update: सहन की जमीन पर कब्जे और निर्माण का आरोप

      हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव निवासी श्यामबाबू ने ग्रामीणों के साथ डीएम को शिकायती पत्र दिया। आरोप है कि पड़ोसी ने घर के सामने स्थित सहन की जमीन पर बने पुराने चबूतरे को तोड़कर जबरन निर्माण शुरू कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान-माल की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़ित ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

    • 16 Sep 2026 01:49 PM (IST)

      Prayagraj Live Update: राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज के छात्रों ने बंद की OPD

      प्रयागराज में राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज के छात्रों ने OPD बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि उनका स्टाइपेंड बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया जाए। छात्रों के प्रदर्शन के चलते OPD सेवाएं प्रभावित हैं, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    • 16 Sep 2026 01:48 PM (IST)

      Maharajganj Live Update: बृजमनगंज के छात्र अमन अहमद का राष्ट्रीय स्तर पर चयन

      महराजगंज के बृजमनगंज स्थित आलमाइटी पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र अमन अहमद ने INSPIRE-MANAK की मेंटरशिप वर्कशॉप में प्रतिभाग कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अमन ने ट्रेन में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा के लिए फायर अलार्म सिस्टम का मॉडल तैयार किया है। अब वह 12 से 14 अक्टूबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्तर पर अपना मॉडल प्रस्तुत करेंगे।

    • 16 Sep 2026 01:47 PM (IST)

      Hamirpur Live Update: भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन

      हमीरपुर में विभिन्न मांगों को लेकर भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गोंडा में विनोद साहनी की हत्या, अयोध्या में राम लगन मौर्य की हत्या और बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए हमले के मामलों को उठाया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।

    • 16 Sep 2026 01:46 PM (IST)

      Hamirpur Live Update: मालगाड़ी की चपेट में आया युवक

      हमीरपुर के मौदहा रगौल रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पटरी पार करते समय एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में युवक के बाएं हाथ की कलाई कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को सीएचसी मौदहा पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। वहीं, अरतरा रोड रेलवे अंडरपास में पानी और कीचड़ के चलते राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    • 16 Sep 2026 12:10 PM (IST)

      Fatehpur Live Update: 15 हजार रुपये की मजदूरी मांगने पर धमकी का आरोप

      फतेहपुर के कोतवाली क्षेत्र के कबाड़ी मार्केट निवासी हलवाई मोहम्मद अकरम ने 15 हजार रुपये की मजदूरी मांगने पर जान से मारने और गौकशी के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक उसने 7 अप्रैल 2025 को एक शादी में हलवाई का काम किया था, जिसकी 15 हजार रुपये मजदूरी तय हुई थी। आरोप है कि मजदूरी मांगने पर उसे धमकियां दी गईं। 14 सितंबर की रात कथित तौर पर फोन पर गाली-गलौज और धमकी दी गई। पीड़ित ने 112 पर सूचना देने के बाद कोतवाली में भी शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है। अब उसने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

    • 16 Sep 2026 12:09 PM (IST)

      Budaun Live Update: ग्रामीणों ने पकड़ा चोर, पुलिस के ‘गुडवर्क’ पर वायरल वीडियो से उठे सवाल

      बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में चोर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस के दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने सैंडोला गांव के एक खेत से चोर को गिरफ्तार करने और 10 क्विंटल बिजली का तार, मैजिक वाहन व मोबाइल बरामद करने का दावा किया था। वहीं वायरल वीडियो में आरोपी को ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने की बात सामने आती दिख रही है। वीडियो में आरोपी के पास एक पुलिसकर्मी भी नजर आ रहा है और वीडियो बना रहा व्यक्ति उसे ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने की बात कहता सुनाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के गुडवर्क और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद स्थिति साफ होगी।

    • 16 Sep 2026 12:08 PM (IST)

      Muzaffarnagar Live Update: मामूली विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

      मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के खरड़ गांव में मामूली विवाद को लेकर करीब 70 वर्षीय जय सिंह की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही मनोज, छोटू, राजू और पप्पू ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की। पूरी घटना पास के मकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के शव कब्जे में लेने के दौरान परिजनों ने हंगामा किया और शव सड़क पर रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

    • 16 Sep 2026 12:07 PM (IST)

      Chandauli Live Update: सांसद निधि से बनी सीसी रोड और नाली का लोकार्पण

      चंदौली के पीडीडीयू नगर के वार्ड नंबर-21 सुभाष नगर में राज्यसभा सांसद निधि से करीब 9 लाख 98 हजार रुपये की लागत से बनी सीसी रोड और नाली का लोकार्पण किया गया। राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने विकास कार्य का उद्घाटन किया।

      सुभाष सिंह के घर से गौड़ीयामठ मंदिर तक सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया गया है। नाली की मरम्मत के साथ उस पर ढक्कन लगाकर कवर किया गया है, जिससे जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होने और स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से सड़क और नाली की समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्य पूरा होने पर खुशी जताई।

      सांसद दर्शना सिंह ने बताया कि यह कार्य करीब 9 लाख 98 हजार रुपये की सांसद निधि से कराया गया है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड-चंदौली को कार्यदायी संस्था बनाया गया था।

    • 16 Sep 2026 11:43 AM (IST)

      Muzaffarnagar Live Update: तितावी में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, एक घायल

      मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में दिन निकलते ही पुलिस और तार चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। अमीरनगर कट पर हुई कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से शाहनवाज घायल हो गया। कांबिंग के दौरान पुलिस ने उसके तीन साथियों जुनैद उर्फ शाहरुख, ताहिर और आसिफ को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 10 कुंतल से अधिक चोरी का तार, दो तमंचे, चाकू, बाइक और तार ले जाने वाली मैजिक गाड़ी बरामद हुई है।

    • 16 Sep 2026 10:17 AM (IST)

      Muzaffarnagar Live Update: मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, कांबिंग के दौरान तीन गिरफ्तार

      मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में अमीरनगर कट पर पुलिस और तार चोरी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली लगने से शाहनवाज घायल हो गया। वहीं कांबिंग के दौरान उसके तीन साथियों जुनैद उर्फ शाहरुख, ताहिर और आसिफ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 10 कुंतल से अधिक चोरी का तार, मैजिक वाहन, दो बाइक, दो तमंचे, कारतूस और दो चाकू बरामद हुए हैं।

    • 16 Sep 2026 10:17 AM (IST)

      Bareilly Live Update: शादी के पांच महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप

      बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव में शादी के पांच महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पिता के मुताबिक बेटी के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    • 16 Sep 2026 10:16 AM (IST)

      जल अर्पण कार्यक्रम में जल संरक्षण का संदेश, समुदाय को सौंपी गई जलापूर्ति योजना

      ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम के दौरान जल वंदना के बाद ‘जल श्रृंगार’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जलापूर्ति योजना को औपचारिक रूप से समुदाय को सौंपा गया। कार्यक्रम में बच्चों ने जल संरक्षण के महत्व पर आधारित लघु नाटिका ‘A Future Without Water’ (जल बिना भविष्य) प्रस्तुत कर पानी के महत्व का संदेश दिया।

    • 16 Sep 2026 10:15 AM (IST)

      Budaun Live Update: पुलिस के गुडवर्क पर वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल

      बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस के दावे पर सवाल उठे हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी को खेत से गिरफ्तार किया गया, जबकि वायरल वीडियो में ग्रामीणों द्वारा आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किए जाने का दावा सामने आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के गुडवर्क को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

    • 16 Sep 2026 10:14 AM (IST)

      Fatehpur Live Update: 15 हजार रुपये की मजदूरी मांगने पर धमकी का आरोप

      फतेहपुर के कोतवाली क्षेत्र के कबाड़ी मार्केट निवासी हलवाई मोहम्मद अकरम ने 15 हजार रुपये की मजदूरी मांगने पर जान से मारने और गौकशी के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। आरोप है कि 14 सितंबर की रात फोन पर गाली-गलौज करते हुए पैसे भूल जाने की धमकी दी गई।

    • 16 Sep 2026 10:13 AM (IST)

      Raebareli Live Update: मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति टूटी मिलने से हड़कंप

      रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के सेरी गांव में मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति टूटी मिलने से हड़कंप मच गया। पूजा करने पहुंची महिला ने मूर्ति टूटी देख पुलिस को सूचना दी। सूचना पर PRV-112 टीम मौके पर पहुंची। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बछरावां और हरचंदपुर पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों की मांग पर पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में नई हनुमान जी की मूर्ति मंगवाई गई।

Location :  Lucknow

Published :  16 September 2026, 9:01 AM IST

Related News

Advertisement