UP Crime: बरेली में कार के अंदर खौफनाक कत्ल, ‘लालची’ सुनते ही भड़का मुंहबोला बेटा, बुजुर्ग महिला की हत्या

बरेली में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई, जहां मुंहबोले बेटे ने संपत्ति के लालच में बुजुर्ग महिला की कार में हत्या कर दी। 'लालची' कहने पर भड़के आरोपी ने पहले बेहोश किया फिर मुंह-नाक दबाकर मार डाला, शव फेंककर भागने की कोशिश की।

Updated : 6 May 2026, 2:53 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक सेवानिवृत्त दरोगा की पत्नी की हत्या उनके ही मुंहबोले बेटे ने कर दी। आरोपी ने संपत्ति के लालच में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

भरोसे का खून

मृतका शारदा यादव जो सेवानिवृत्त दरोगा गजराज सिंह की पत्नी थीं, आरोपी वरुण पाराशरी को बेटे की तरह मानती थीं। आरोपी ने इसी विश्वास का फायदा उठाया। वह नगर निगम के टैक्स विभाग में संविदा कर्मी था और खुद को पीसीएस अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित करता था।

साजिश की शुरुआत

पुलिस के अनुसार वरुण को पता चला कि शारदा यादव के नाम करीब 80 बीघा जमीन और एक स्कूल है। उसने इस संपत्ति को अपने नाम कराने की योजना बनाई। इसके लिए उसने अपने पिता संजय पाराशरी से भी चर्चा की थी। योजना के तहत उसने शारदा को मंदिर जाने के बहाने 2 मई को घर से बुलाया।

Bareilly Murder Mystery: काले कोट के पीछे छिपा था कातिल का चेहरा; बरेली मर्डर केस की वो परतें जो आपको झकझोर देंगी

कार में बना मौत का प्लान

आरोपी शारदा को कार में बैठाकर मंदिर ले जाने लगा। रास्ते में उसने जमीन अपने नाम करने की बात रखी। जब शारदा ने उसे 'लालची' कहकर साफ इनकार कर दिया, तो वह गुस्से से बेकाबू हो गया। उसने पहले उन पर हमला कर बेहोश किया और फिर मुंह-नाक दबाकर उनकी हत्या कर दी।

शव के साथ पूरी रात घूमता रहा

हत्या के बाद आरोपी पूरी रात कार में शव लेकर घूमता रहा। अगले दिन 3 मई की सुबह उसने शव को पीलीभीत जिले के जहानाबाद क्षेत्र के कुकरी गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि वारदात छुपाई जा सके।

अंगूठे की स्याही से खुला राज

पोस्टमार्टम के दौरान एक अहम खुलासा हुआ। परिजनों ने आशंका जताई कि आरोपी ने हत्या से पहले शारदा से कागजों पर अंगूठा लगवाया होगा। जांच में पाया गया कि उनके अंगूठे पर नीली स्याही लगी थी, जिससे साजिश की पुष्टि होती है।

Bareilly News: बरेली में तालाब से मिले तीन शवों का क्या है कनेक्शन? पुलिस को सूचना दिए बिना क्यों शव ले गए परिजन?

बरामद हुए सबूत

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना के समय पहने कपड़े और मृतका की सोने की चेन बरामद की है। हालांकि, अभी भी मृतका के कुछ आभूषण गायब हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

झूठी पहचान से बनाया जाल

गजराज सिंह ने बताया कि वरुण ने खुद को पीसीएस अधिकारी बताकर उनका विश्वास जीता था। वह उनके घर आता-जाता था और उनकी पत्नी को ‘मां’ कहकर संबोधित करता था। इसी दौरान उसने परिवार के करीब आकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। साथ ही उसके पिता की भूमिका भी संदिग्ध है, जिनकी तलाश जारी है।

Location :  Bareilly

Published :  6 May 2026, 2:53 PM IST

Advertisement