हिंदी
बलिया जनपद में रिश्ते को शर्मशार और दिलदहलाने वाली वारदात सामने आयी है। संतान न होने को लेकर हुए घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक दंपती ने अपने ही नौ वर्षीय मासूम भतीजे की बली चढ़ा दी। वारदात को लेकर समाज में रिश्ते की अहमियत के बाबत चर्चा हो रही है।
बलिया में चाचा-चाची बने कसाई
Ballia: जनपद के सहतवार थाना क्षेत्र के सिंगही गांव में नौ वर्षीय बालक अभिषेक प्रजापति की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतक के चाचा-चाची को गिरफ्तार किया है। बलिया और थाना सहतवार पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को वांछित अभियुक्त गणेश प्रजापति और उसकी पत्नी अमृता देवी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों ने पूछताछ में हत्या कर शव घाघरा नदी में फेंकने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक 25 जनवरी 2026 को वादी गणेश प्रजापति की तहरीर पर थाना सहतवार में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ था। तहरीर में बताया गया था कि बालक अभिषेक प्रजापति (9 वर्ष) 25 जनवरी की शाम करीब चार बजे घर के पास खेलते समय लापता हो गया था।
जिसका 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 5:30 बजे घाघरा नदी में 64 बंधा के पास बालक का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम व विवेचना के दौरान मृतक के चाचा गणेश प्रजापति और चाची अमृता देवी का नाम प्रकाश में आया। जिसके बाद मुकदमे में धारा 140(1), 103(1), 62(2), 238 बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
मामले की जानकारी देते अपर पुलिस अधीक्षक
पुलिस के अनुसार 7 फरवरी 2026 को थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ चेकिंग व तलाश में थे। इसी दौरान स्वाट और सर्विलांस टीम भी मौके पर पहुंच गई। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि हत्या से जुड़े अभियुक्त/अभियुक्ता मोटरसाइकिल से ताहिरपुर की तरफ भागने की फिराक में जा रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बाइक रोककर पूछताछ की तो दोनों ने अपना नाम गणेश प्रजापति व अमृता देवी निवासी ग्राम सिंगही बताया। इसके बाद दोनों को सुबह करीब 10:15 बजे हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्त गणेश ने बताया कि उसकी भाभी आए दिन बच्चा न होने को लेकर ताना देती थी, जिसको लेकर घर में विवाद रहता था। इसी कारण उसने 25 जनवरी को गांव के एक लड़के के जरिए अभिषेक को बहला-फुसलाकर चांदपुर पुरानी बस्ती शराब ठेका के पास बुलवाया। वहां से वह अभिषेक को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घाघरा नदी के किनारे ले गया और नीचे पड़े ईंट के टुकड़े से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी में फेंक दिया।
आरोपी ने बताया कि जब गांव का लड़का अभिषेक के बारे में पूछने लगा तो उसने झूठ बोल दिया कि उसे नाव पर बैठा दिया है, साथ ही धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार देंगे।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया है। हत्या में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल आरोपी द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिये हैं।