हिंदी
बलिया में मारपीट और वाहन तोड़फोड़ का मामला (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Ballia: बैरिया थाना क्षेत्र में गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास के चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर सोनबरसा अस्पताल रोड के पास से चारों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को पीड़ित ने बैरिया थाने में तहरीर देकर बताया था कि गाड़ी साइड करने की बात को लेकर संजय पासवान, दिलीप पासवान, अजय पासवान, जितेंद्र पासवान और मिट्ठू पासवान ने उसके भाई के साथ विवाद किया।
आरोप है कि पांचों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर उसके भाई को घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान स्कॉर्पियो वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
बलिया में मामूली विवाद में मारपीट (सांकेतिक फोटो)
पीड़ित की शिकायत के आधार पर बैरिया पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
इसी क्रम में शनिवार को मुखबिर से आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने सोनबरसा अस्पताल रोड के पास कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय पासवान (30) और दिलीप पासवान (27), निवासी शोभाछपरा, अजय पासवान (24), निवासी रजौली और जितेंद्र पासवान (21), निवासी रेवती के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया।
बैरिया पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं, मामले में नामजद पांच आरोपियों में से चार की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Location : Ballia
Published : 21 November 2026, 7:20 PM IST