हिंदी
बलिया में प्रभारी मंत्री ने CMO को दिए सख्त निर्देश (Image Source: Dynamite News)
Ballia: बलिया में विकास कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया। उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में 14.05 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण की समीक्षा हुई। इसकी कुल लागत 487 करोड़ रुपये स्वीकृत है। मंत्री ने निर्माण में आने वाली समस्याओं की तत्काल जानकारी देने को कहा, ताकि उनका समय रहते समाधान कराया जा सके। वहीं, 38 करोड़ रुपये की जिला कारागार निर्माण परियोजना के लिए 24.11 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। मंत्री ने कार्यदायी संस्था को शासन स्तर पर वार्ता कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
भृगु कॉरिडोर निर्माण की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल काम शुरू कराने को कहा। जिलाधिकारी को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट लेने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय तुर्की, विकासखंड नगरा का निर्माण पूरा कराने और परिसर में फलदार पौधे लगाने को भी कहा गया।
प्रभारी मंत्री ने गाजीपुर-तुर्तिपार मार्ग का सौंदर्यीकरण, सड़क के बीच पौधरोपण और डिवाइडर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। खनवर नवादा से खाकी बाबा तक मार्ग का निर्माण पूरा करने के साथ जिले में बन रही सभी सड़कों की पटरियां अनिवार्य रूप से बनाने को कहा। एनएच-31 माल्देपुर से हैबतपुर होते हुए महिला अस्पताल तक मेडिकल बाईपास कॉरिडोर के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम पूरा कराने तथा मार्ग पर बड़ा सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। बोर्ड पर सड़क का नाम, निर्माण लागत और निर्माण वर्ष अंकित किया जाएगा।
मैनपुरी में रामगोपाल यादव का BJP पर हमला, बोले- पंचायत चुनाव कराने से डर रही योगी सरकार
बैना बाईपास रोड का टेंडर तत्काल पूरा कर निर्माण शुरू कराने और बेदुआ में चयनित भूमि पर 150 व्यक्तियों की क्षमता वाले बाढ़ शरणालय का निर्माण पूरा करने को कहा गया। बांसडीह-बलिया-घोड़ी मार्ग का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण फरवरी 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि जिले के 10 प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे और एलईडी स्क्रीन लगाने का काम पूरा हो चुका है। चांदपुर में आईएसबीटी की चारदीवारी का निर्माण भी पूरा कराने को कहा गया।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बलिया में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के निर्माण कार्य की समीक्षा हुई। आधुनिक बस स्टैंड निर्माण में लापरवाही मिलने पर मंत्री ने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई और काम में तेजी लाकर समय सीमा में पूरा करने को कहा। कटहल नाला परियोजना के तहत दो किलोमीटर निर्माण होना है, लेकिन अब तक केवल 500 मीटर काम पूरा हुआ है। इस पर शेष निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर पालिका परिषद बलिया की सीवरेज पुनर्गठन योजना और बैरिया, बांसडीह, बेल्थरारोड तथा रसड़ा की पेयजल पुनर्गठन योजनाओं को फरवरी 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। बेलहरी, हनुमानगंज और मनियर की ग्राम समूह पाइप पेयजल योजनाओं को जनवरी माह में पूरा करने को कहा गया। जननायक चंद्रशेखर स्पोर्ट्स कॉलेज, सिकंदरपुर के फूलपकड़ी स्थित निर्माण कार्य को फरवरी 2027 तक पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में अनावश्यक बिजली कटौती नहीं करने और अवैध वसूली पर रोक लगाने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों के सभी अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने और नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। जिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे मशीनें स्थापित हैं, वहां एक कर्मचारी की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रयागराज में महिला आयोग की बड़ी कार्रवाई, POCSO और अपहरण के मामले में FIR के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने सभी विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था और अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
बैठक में अल्पसंख्यक मंत्री दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक ईराज राजा, सीडीओ आलोक कुमार, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Ballia
Published : 19 November 2026, 11:55 PM IST