हिंदी
सहारनपुर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों का तीसरे दिन भी धरना जारी (Image: Dynamite News)
शनिवार 21 नवंबर 2026 को नगर निगम परिसर में तीसरे दिन भी सफाई कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। धरना शुरू होने के बाद नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को बताया कि आउटसोर्सिंग सेवा के नियम अभी तक नहीं बने हैं।
सोमवार से आंदोलन तेज करने की चेतावनी (Image: Dynamite News)
इस पर उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के मंडल महामंत्री बृजमोहन चंडालिया ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि यदि आउटसोर्सिंग सेवा के नियम अभी बने ही नहीं हैं तो मुख्यमंत्री द्वारा 62 सितंबर 2026 को आउटसोर्सिंग सेवा निगम की शुरुआत और सफाई कर्मचारियों को 20 हजार रुपये के चेक देने की व्यवस्था किस आधार पर की गई थी? उन्होंने इस व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। हालांकि, उनके सवालों पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।
धरने के दौरान आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को लेकर एक और गंभीर मुद्दा उठाया गया। संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सुकमा कंपनी और आरआर कंपनी के मालिकों तथा सुपरवाइजरों की ओर से कर्मचारियों को काम से हटाने की धमकी दी जा रही है। उनका कहना है कि इस तरह की धमकियों के कारण कर्मचारी अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए धरने में शामिल नहीं हो पा रहे हैं।
बृजमोहन चंडालिया ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के चलते सफाई कर्मचारियों को बंधुआ मजदूरों की तरह काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उनका कहना है कि कर्मचारियों की अपनी मर्जी और स्वतंत्रता पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम के कुछ अधिकारी भी इस व्यवस्था में शामिल हैं।
धरने को संबोधित करते हुए बृजमोहन चंडालिया के साथ सोनी आजाद और राहुल वाल्मीकि ने भी कर्मचारियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से कहा कि रविवार को अवकाश होने के कारण धरना नहीं दिया जाएगा, लेकिन सोमवार 23 नवंबर को आंदोलन पूर्ववत जारी रहेगा।
बृजमोहन चंडालिया ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।
नगर निगम परिसर में आयोजित धरने में नीरज, गौरव, कवल दास, रामकुमार, राजकुमार, प्रमोद, दीपक, राकेश, मुनेश, सुनील, मनमोहन, संजय भूम्बक, संदीप चौटाला, कमल किशोर चंचल, राजीव घावरी, अमित चंडालिया, अब्दुल गफ्फार, महेंद्र वैध, मुकेश घावरी, सुनील घाघट और राजकुमार चांवरिया सहित कई कर्मचारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Location : Saharanpur
Published : 21 November 2026, 7:11 PM IST
Topics : municipal corporation Safai Karamchari Protest Saharanpur News Sanitation Workers Protest Workers Union Protest