हिंदी
लखनऊ में CM योगी का बड़ा दावा (IMG: Dynamite News)
Lucknow: युवाओं के रोजगार और भविष्य को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि 2047 में जब देश आजादी का शताब्दी महोत्सव मना रहा होगा, तब भारत की तरक्की की सबसे बड़ी ताकत हुनरमंद युवा होंगे। स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव तैयार करेंगे। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों को आत्मनिर्भरता और श्रमिकों को सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।
शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए लखनऊ में इस आयोजन के लिए उनका विशेष आभार जताया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर स्किल इंडिया महाभियान की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य देश की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति को सही मंच देना और उनकी प्रतिभा को रोजगार से जोड़ना था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं के मन में मौजूद हताशा और निराशा को दूर करने का प्रयास किया।
सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। यहां बड़ी संख्या में युवा रहते हैं। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 के बाद प्रधानमंत्री के स्किल मिशन को तेजी से आगे बढ़ाया है। इसका असर अब रोजगार और प्रशिक्षण के आंकड़ों में दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
लखनऊ में PM मोदी का संदेश (IMG: Dynamite News)
मुख्यमंत्री ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के युवक-युवतियों को आवासीय सुविधा के साथ कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से 1.23 लाख से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार मिलने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों के युवाओं को भी शहरों जैसी प्रशिक्षण सुविधाएं और रोजगार के अवसर मिलना जरूरी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आने वाला समय नई तकनीक और आधुनिक उद्योगों का है। ऐसे में युवाओं को एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी तकनीकों का ज्ञान देना जरूरी है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर 150 से अधिक आईटीआई में नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इन संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, थ्रीडी प्रिंटिंग और इंडस्ट्री 4.0 से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
सीएम योगी ने रोजगार मेलों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में प्रदेश में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है। खास बात यह है कि इनमें 3400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी और निजी क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास का बड़ा नेटवर्क तैयार हुआ है।
Location : Lucknow
Published : 21 November 2026, 7:40 PM IST