हिंदी
लखनऊ में PM मोदी का संदेश (IMG: Dynamite News)
Lucknow: देश के भविष्य और युवाओं के हुनर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ से बड़ा संदेश दिया। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि देश के छात्र ही राष्ट्र का सामर्थ्य और भविष्य हैं। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होने वाली है। उन्होंने आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को देश की अमानत बताते हुए कहा कि जिस सम्मान और उत्साह के साथ आईआईटी के विद्यार्थियों को देखा जाता है, उसी सम्मान के हकदार आईटीआई के विद्यार्थी भी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे। यहां आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उनके पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल के बाहर और आसपास बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए जुटे रहे।
इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, दोनों उप मुख्यमंत्री, कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मंत्री मनोज पांडेय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मंच पर मौजूद रहे। समारोह के दौरान कौशल प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुलाकात भी चर्चा में रही। मां के अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान पीएम मोदी ने उनसे मुलाकात कर इस दुखद घड़ी में सांत्वना दी। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत भी हुई।
GTA V से GTA VI तक 13 साल का सफर, पीएम मोदी ने गेमिंग के बहाने दिखाया बदलते भारत का पूरा हिसाब!
कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के छात्र ही राष्ट्र का सामर्थ्य और भविष्य हैं। राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवा सीधे तौर पर जुड़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के अंदर मौजूद ऊर्जा, सपने और कुछ नया करने का जज्बा ही भारत को आगे ले जाने की ताकत है।
लखनऊ में PM मोदी का संदेश (IMG: Dynamite News)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं ने जो हुनर सीखा है, वह विकसित भारत के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाएगा। दुनिया में सैकड़ों तरह के काम ऐसे हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए कुशल और प्रशिक्षित लोगों की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि आईटीआई से निकलने वाले युवा अपने हुनर के दम पर देश की अर्थव्यवस्था और उद्योगों को मजबूती दे सकते हैं। इसलिए कौशल आधारित शिक्षा को भी उतना ही महत्व दिया जाना चाहिए, जितना अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों को दिया जाता है।
प्रधानमंत्री ने भारत की पारंपरिक कला और कौशल का जिक्र करते हुए कहा कि कोई भी राष्ट्र अपने युवाओं के हुनर के दम पर आगे बढ़ता है। भारत हमेशा से ही कौशल और पारंपरिक कामों का सम्मान करने वाला देश रहा है। यहां पीढ़ियों से अलग-अलग तरह के हुनर को महत्व दिया जाता रहा है। लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यहां लंबे समय से चिकनकारी का काम होता आ रहा है। प्रधानमंत्री ने बनारस और कांजीवरम के रेशम, सूती कपड़ों, कलमकारी, बेहतरीन तलवारें बनाने वाले स्टील, कांस्य कला और मूर्तिकला जैसी परंपराओं का भी जिक्र किया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जन्म गुजरात में हुआ है और वहां के अनुभवों से उन्होंने काफी कुछ सीखा है। उन्होंने बताया कि गुजरात में एक परंपरा रही है कि जहां कोई गांव बसता है, वहां अपने कौशल से गांव का जीवन चलाने वाले लोग भी बसते हैं।
Location : Lucknow
Published : 21 November 2026, 6:54 PM IST
Topics : CM Yogi Adityanath Indira Gandhi Pratishthan Lucknow News PM Narendra Modi Skill Convocation Ceremony