बकरीद को लेकर अमेठी में अलर्ट, खुले में कुर्बानी और सोशल मीडिया पर ये काम पड़ेगा महंगा

अमेठी में बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला स्तरीय पीस कमेटी बैठक में डीएम और एसपी ने खुले में कुर्बानी, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और नई परंपरा शुरू करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही बिजली, सफाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 23 May 2026, 5:25 PM IST
google-preferred

Amethi : बकरीद के मद्देनजर जिला स्तरीय पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के आलाधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी संजय चौहान और एसपी सरवणन टी ने साफ कहा कि त्योहार केवल परंपरागत तरीके से मनाया जाए। खुले में कुर्बानी और सोशल मीडिया पर भ्रामक फोटो-वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बिजली, सफाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई शांति समिति की बैठक

जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बकरीद पर्व पर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और परंपरागत तरीके से आपसी भाईचारे के साथ मनाने के निर्देश दिए गए।

धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों से किया संवाद

जिलाधिकारी ने विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों, सभासदों और शांति समिति के सदस्यों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आगामी बकरीद पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

नई परंपरा शुरू न करने की अपील

डीएम ने कहा कि त्योहार में किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। जिस प्रकार से पूर्व वर्षों में बकरीद के दौरान कुर्बानी दी जाती रही है, उसी व्यवस्था को कायम रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न दी जाए और खुले में कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

बिजली और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि नमाज के मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर जर्जर बिजली तारों को समय रहते दुरुस्त किया जाए। त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों से कहा गया कि त्योहार के दिन सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी पहले से तय कर ली जाए, ताकि कहीं भी गंदगी की समस्या न हो।

स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सीएचसी और पीएचसी पर एंबुलेंस, डॉक्टरों की मौजूदगी और जरूरी दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने पुलिस अधिकारियों और थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि बकरीद का त्योहार परंपरागत तरीके से शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के दौरान फोटो और वीडियो न बनाए जाएं और न ही उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाए।

एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट पर कड़ी नजर रखी जाएगी। धार्मिक संवेदनशील मामलों में अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लगातार भ्रमणशील रहेगी पुलिस

पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

Location :  Amethi

Published :  23 May 2026, 5:25 PM IST

Advertisement