हिंदी
सरयू नहर में मगरमच्छ के जबड़े में दिखा शव (Img: Pinterest)
Bahraich: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक खौफनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। बिछिया क्षेत्र के मोहकमपुरवा गांव निवासी 55 वर्षीय केतकी शनिवार शाम पड़ोसी गांव हजारीपुरवा में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटीं। परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन रविवार सुबह जो खबर सामने आई, उसने सबके होश उड़ा दिए।
रविवार सुबह करीब 9 बजे रमपुरवा गांव के पास सरयू नहर के 10 नंबर पुल से करीब 600 मीटर दूर ग्रामीणों ने एक मगरमच्छ को महिला का शव मुंह में दबाए देखा। यह मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोग कांप उठे। ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद मगरमच्छ शव छोड़कर पानी में उतर गया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद वर्मा और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए शव को नहर से बाहर निकाला। शव की हालत बेहद खराब थी। बताया जा रहा है कि महिला का एक पैर मगरमच्छ खा चुका था और शरीर पर कई गहरे जख्म थे। शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेखपाल अरुण कुमार और ग्राम प्रधान अजीज अहमद की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि बारिश के बाद कतर्नियाघाट क्षेत्र में मगरमच्छ नदी, तालाब और नहरों से निकलकर आबादी के पास पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
जनेश्वर मिश्र जयंती से सपा भरेगी चुनावी हुंकार, विधानसभा चुनाव से पहले ब्राह्मण समाज पर नजर
केतकी की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव की हालत देखकर परिवार के लोग बेसुध हो गए। गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और मगरमच्छों की निगरानी की मांग की है।
Location : Bahraich
Published : 5 July 2026, 12:44 PM IST
Topics : Bahraich News Crocodile attack UP News