नाम एक जैसा… पर गुनाहगार कोई और! हमीरपुर पुलिस की बड़ी लापरवाही, निर्दोष युवक को हवालात में पीटने का आरोप

यूपी के हमीरपुर में वारंट तामील करने गई सदर कोतवाली पुलिस असली आरोपी की जगह हमनाम दूसरे युवक शिवराज को पकड़ लाई। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर पुलिस ने हवालात में हाथ-पैर बांधकर उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। हालांकि, पुलिस ने आरोपों को गलत बताते हुए सीसीटीवी से जांच की बात कही है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 5 July 2026, 12:30 PM IST
google-preferred

Hamirpur: यूपी के हमीरपुर जिले में सदर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मारपीट और गाली-गलौज के मामले में वारंट तामील करने पहुंची पुलिस कथित तौर पर असली आरोपी की जगह उसी नाम के दूसरे युवक को पकड़ लाई। थाने में पहचान की गलती सामने आने के बाद युवक ने विरोध किया, जिसके बाद उसने पुलिस पर हवालात में हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

आज शाम करीब छह बजे सदर कोतवाली पुलिस शहर के मेरापुर मोहल्ले में वारंटी शिवराज को गिरफ्तार करने पहुंची थी। लेकिन पुलिस गलती से उसी मोहल्ले में रहने वाले दूसरे शिवराज को हिरासत में लेकर कोतवाली आ गई। थाने में दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान पता चला कि पकड़ा गया युवक वह व्यक्ति नहीं है, जिसके नाम से वारंट जारी था।

'हवालात में बांधकर लाठी-डंडों से पीटा'

घायल शिवराज का आरोप है कि पहचान की गलती सामने आने के बाद जब उसने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उसे कोतवाली की हवालात में बंद कर दिया। आरोप है कि उसके हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर कोतवाली के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालत बिगड़ने पर पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

Hamirpur: सरकारी रोक के बावजूद धड़ल्ले से जारी थी लोडिंग, खौफनाक हादसे ने खोली खदान माफियाओं की पोल

रेफर के बाद बीच सड़क पर मचा बवाल

जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किए जाने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। बताया जा रहा है कि परिजन घायल शिवराज को कानपुर ले जाने के बजाय अपने घर लेकर जा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने बीच रास्ते में उनका वाहन रोक लिया और घायल को दोबारा अस्पताल ले जाने का प्रयास किया।इस दौरान सड़क पर पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक तीखी बहस और नोकझोंक होती रही। परिजन घायल को घर ले जाने की जिद पर अड़े रहे, जबकि पुलिस इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की बात कहती रही। विवाद बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। काफी देर तक चले विवाद के बाद पुलिस को पीछे हटना पड़ा और आखिरकार घायल युवक को उसके परिजनों के साथ घर जाने दिया गया।

कोतवाली के सीसीटीवी कैमरों से होगी घटना की जांच

अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा की माने तो युवक द्वारा लगाए गये मारपीट के आरोप पूरी तरह गलत है, पुलिस गलती से दूसरे शिवराज को थाने ले आई थी। पहचान होने के बाद युवक हंगामा करने लगा और खुद हाथ-पैर पटकने लगा, जिसे काबू किया गया। फिलहाल कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदत से घटना की जांच की जा रही है ,और इसके बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।

Location :  Hamirpur

Published :  5 July 2026, 12:30 PM IST

Advertisement