बदायूं में कांग्रेस का अनोखा विरोध, हजरतपुर की जलमग्न सड़क पर की धान की रोपाई

बदायूं में बदहाल सड़कों और वर्षों से बने जलभराव के खिलाफ कांग्रेस ने ऐसा अनोखा विरोध किया, जिसने राहगीरों से लेकर प्रशासन तक का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दातागंज तहसील के हजरतपुर क्षेत्र में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जलमग्न सड़क को ही खेत बना दिया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 30 July 2026, 6:34 AM IST
google-preferred

Budaun: वर्षों से जलभराव और कीचड़ से बेहाल पड़े दातागंज तहसील के हजरतपुर मार्ग को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने ऐसा विरोध किया जिसने पूरे प्रशासन को हिला कर रख दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हजरतपुर गढ़िया रंगीन मार्ग और हजरतपुर-पिपला मार्ग पर भरे गंदे पानी में धान की रोपाई कर डाली।

कांग्रेसियों का कहना था कि जब सरकार सड़क नहीं बना सकती तो हम उसी पर खेती कर लेंगे। इस प्रतीकात्मक आंदोलन के बाद आनन-फानन में प्रशासन हरकत में आया और सुबह से ही जेसीबी लगाकर नालों की सफाई शुरू करा दी गई।

सड़के हैं जलमग्न

हजरतपुर गड़िया रंगीन मार्ग और हजरतपुर से पिपला जाने वाला मुख्य मार्ग पिछले कई वर्षों से जलमग्न है। बरसात में यहां 2 से 3 फीट तक पानी भर जाता है। इससे दर्जनों गांवों के हजारों लोगों, स्कूली बच्चों और किसानों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई न होने पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया।

बुधवार दोपहर 1 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ हजरतपुर पहुंचे। हाथ में धान की पौध लेकर वे सीधे सड़क पर उतर गए और कीचड़ भरे पानी में रोपाई शुरू कर दी। देखते ही देखते सैकड़ों स्कूली बच्चे और ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और नारेबाजी कर समर्थन दिया।

सड़क पर धान रोपाई करते कांग्रेस कार्यकर्ता

प्रशासन में मचा हड़कंप

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सुबह से ही प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पहुंचने से पहले ही जेसीबी मशीनों से नालों की सफाई शुरू करा दी गई। सड़क पर जमी मिट्टी को हटवाया गया।  मौके पर बीडीओ म्याऊं और हजरतपुर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। थाना प्रभारी ने अजीत यादव से आग्रह किया कि काम शुरू हो गया है, कृपया धान रोपाई का कार्यक्रम निरस्त कर दें।

बीडीओ ने मौके पर कहा कि यह सड़क पीडब्ल्यूडी विभाग की है, इसलिए इस मामले में खंड विकास कार्यालय की कोई जिम्मेदारी नहीं है

धान रोपाई के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि दस साल से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। दातागंज में भी भाजपा का विधायक है। लेकिन हजरतपुर के मुख्य मार्गों पर जलभराव की समस्या जस की तस है। जल निकासी के लिए एक भी नाला नहीं बना। भाजपा का विकास का दावा पूरी तरह खोखला है।"

अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

अजीत यादव ने सरकार को अल्टीमेटम भी दिया। उन्होंने कहा कि अगर जरतौली को बचाने का काम धरातल पर शुरू नहीं हुआ, हजरतपुर में जलभराव की समस्या हल नहीं हुई और बाढ़ रोकने के लिए रूकुमपुर से भाऊ नगला तक तथा मानपुर से सिमरिया तक बांध तटबंध का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो 1 अगस्त से हजरतपुर पुल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बाढ़ प्रभावित दर्जनों गांवों के लाखों लोगों की समस्या हल करने में पूरी तरह विफल रही है। बाढ़ का स्थाई समाधान हुए बिना इस क्षेत्र का विकास संभव नहीं है।

रामा नर्सिंग होम में मरीज की मौत पर हंगामा, 5.50 लाख बिल भरने पर नहीं बची जान, तीमारदारों का फूटा गुस्सा

स्थानीयों ने कहा कि हजरतपुर क्षेत्र में हर बरसात में मुख्य मार्ग जलमग्न हो जाते हैं। नालियों की सफाई न होने और जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण पानी महीनों तक सड़क पर भरा रहता है। इससे बच्चों का स्कूल जाना, मरीजों को अस्पताल पहुंचना और किसानों की फसल मंडी तक ले जाना मुश्किल हो जाता है। कांग्रेस ने इसी मुद्दे को लेकर अब सड़क पर उतरकर आंदोलन तेज कर दिया है।

गुरु पूर्णिमा की पूजा की खुशियां पल भर में मातम में बदलीं, बदायूं में पीपल के पेड़ की टहनी गिरने से बड़ा हादसा

ये लोग रहे मौजूद

इस प्रदर्शन में जिला सचिव मंजेश यादव, म्याऊं ब्लॉक अध्यक्ष अरुण सिंह, सतेंद्र यादव, अरविंद यादव, जयवीर सिंह, रिटायर्ड कानूनगो सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।

Location :  Budaun

Published :  30 July 2026, 6:34 AM IST

Advertisement