हिंदी
बदायूं में सड़क हादसा
Budaun: जनपद के बिनावर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंफर की टक्कर से एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एंबुलेंस में ले जाए जा रहे मरीज को हल्की चोटें आई हैं। टक्कर मारने के बाद डंफर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बिनावर थाना क्षेत्र के मालगांव फाटक से कुछ दूरी आगे एक एंबुलेंस मरीज को लेकर बरेली जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंफर ने एंबुलेंस में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस सड़क किनारे पलटकर चकनाचूर हो गई।
सड़क हादसे में एंबुलेंस चालक गंभीर
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। लोगों ने एंबुलेंस में फंसे चालक और मरीज को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान रोहित पुत्र राजेंद्र निवासी मीरा सराय मड़ैया, थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार चालक की हालत नाजुक बनी हुई है।
एंबुलेंस में मौजूद मरीज को भी मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है। परिजनों ने किसी अन्य वाहन की व्यवस्था कर मरीज को आगे उपचार के लिए बरेली भेज दिया।
हादसे के बाद डंफर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बिनावर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार डंफर की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात डंफर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
Location : Budaun
Published : 2 August 2026, 12:28 AM IST