अब गरीबों को मिलेगा मुफ्त कानूनी सहारा, हाथरस में आयोजित मेगा विधिक सहायता शिविर में उमड़ा जनसैलाब

हाथरस के दाऊजी महाराज मेला पांडाल स्थित पद्मश्री काका हाथरसी स्मृति मंच पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय और जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की मौजूदगी में पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ, आयुष्मान कार्ड और स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता वितरित की गई।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 1 November 2026, 6:59 PM IST
google-preferred

Hathras: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को दाऊजी महाराज मेला पांडाल स्थित पद्मश्री काका हाथरसी स्मृति मंच पर मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों, किसानों और दिव्यांगजनों को भी सहायता एवं उपकरण प्रदान किए गए।

600 स्वयं सहायता समूहों को मिली 9.61 लाख रुपये की सहायता

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए। वहीं, नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने शिविर के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।

हाथरस में पात्र लाभार्थियों को मिला विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ (Img: Dynamite News)

शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित 600 स्वयं सहायता समूहों को सीआईएफ/आरएफ स्टार्टअप सहायता के अंतर्गत कुल 9.61 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Hathras Road Accident: हाथरस में बोलेरो की टक्कर से मजदूर की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं के तहत उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया गया। कृषि यंत्रीकरण योजना के लाभार्थियों को हार्वेस्टर और कंबाइन हार्वेस्टर से संबंधित लाभ भी दिए गए। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।

आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता

जिला न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय ने कहा कि त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। आर्थिक तंगी के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय पाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता की फीस देने में असमर्थ लोग जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) कार्यालय में आवेदन कर निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकते हैं।

हाथरस में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन (Img: Dynamite News)

उन्होंने पराविधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की अपील की। अभिभावकों से बच्चों को नशे और बुरी संगत से दूर रखने का भी आह्वान किया।

Hathras Junction News: रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से जनसंवाद, साफ-सफाई से लेकर टिकट सेवाओं तक पर मांगे सुझाव

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित न्यायिक अधिकारी, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी, अधिवक्ता तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  1 November 2026, 6:59 PM IST

Advertisement