शिवभक्तों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा, बदायूं में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस का बड़ा सुरक्षा प्लान तैयार

बदायूं में कांवड़ यात्रा शुरू होते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिले में बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन निगरानी से लेकर भारी पुलिस बल और विशेष ट्रैफिक प्लान तक कई अहम फैसले लागू किए गए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 31 July 2026, 8:39 PM IST
google-preferred

Budaun: सावन माह में शुरू हुई कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बदायूं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने पूरे जिले को छह जोन में बांटकर विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी, जल पुलिस और एनडीआरएफ की मदद से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

छह जोन में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता अवधेश मिश्रा के साथ बातचीत में एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की गई है। जिले के संवेदनशील मार्गों, प्रमुख शिव मंदिरों और घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे जिले को छह जोन में विभाजित कर हर क्षेत्र में अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।

ये भी पढ़ें- ‘महराजगंज पहल’ बनी अनाथ बच्चों की नई उम्मीद, 1456 बच्चों को योजनाओं से जोड़ने निकला प्रशासन

ड्रोन, सीसीटीवी और एनडीआरएफ की रहेगी नजर

कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मार्गों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर यातायात और भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा। नदी किनारे स्थित घाटों पर जल पुलिस की तैनाती के साथ नावों की भी व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी तैयार रखा गया है। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिशा-निर्देश वाले सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं।

2200 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। इस दौरान छह क्षेत्राधिकारी (सीओ), 32 इंस्पेक्टर, 197 सब इंस्पेक्टर, 400 हेड कांस्टेबल, 1200 कांस्टेबल और 400 महिला कांस्टेबल ड्यूटी पर रहेंगे। कुल मिलाकर 2200 से अधिक पुलिसकर्मी कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी पर्याप्त तैनाती की गई है।

स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियां भी अलर्ट

पुलिस के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग, एनएचआई, पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित विभागों को भी अलर्ट पर रखा गया है। प्रमुख पड़ावों और घाटों पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

ये भी पढ़ें- माया और खजाने की चाह में आस्था पर प्रहार, फतेहपुर की खोजकरक बाबा के मजार पर रात में हुआ कुछ ऐसा कि लोग रह गये दंग

रोड डायवर्जन भी रहेगा लागू

यात्रा के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रोड डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था शुक्रवार रात से शुरू होकर सोमवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। डायवर्ट किए गए मार्गों की जानकारी देने के लिए विभिन्न स्थानों पर सूचना पट्ट लगाए गए हैं।

एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, अनुशासन बनाए रखें और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग दें। पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी करता रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

Location :  Budaun

Published :  31 July 2026, 8:38 PM IST

Advertisement