हिंदी
बदायूं के हजरतपुर में किराये के मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों की चोरी को अंजाम दिया। परिवार के बाहर होने का फायदा उठाकर नकदी, जेवरात और बैंक दस्तावेज तक चुरा लिए गए। घर लौटने पर पीड़िता के होश उड़ गए।
पीड़ित पक्ष ने की शिकायत
Budaun: बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हजरतपुर में एक दुस्साहसिक चोरी की वारदात सामने आई है। यहां एक किराये के मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके के किरायेदारों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैला दी है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, पीड़िता सरिता देवी, जो रविन्द्र ठाकुर के मकान में किराये पर रहती हैं, 11 मार्च 2026 को अपने परिवार के साथ मायके गई थीं। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाया। जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मंजर देखकर दंग रह गया। चोरों ने छत के रास्ते दाखिल होकर अंदरूनी दरवाजे की कुंडी तोड़ दी थी।
कमरे के अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और बक्सों के ताले टूटे मिले। पीड़िता के अनुसार, चोरों ने 4 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। घर में रखा 'स्त्रीधन' और मेहनत की कमाई एक ही झटके में साफ हो गई।
नकद और जेवरात के अलावा, चोरों ने बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज और लॉकर की चाबियां भी पार कर दी हैं। पीड़िता अब अपने बैंक खातों और लॉकर की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि चाबियां चोरों के पास होने से उनकी जमा पूंजी को और भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
Israel Strike in Syria: दक्षिणी सीरिया में कमांड सेंटर पर IDF का बड़ा हमला, कई सैन्य ठिकाने तबाह
सरिता देवी ने गांव के ही निवासी लालू गुप्ता (पुत्र विजय गुप्ता) और विजय (पुत्र बाबूराम) पर चोरी का संदेह जताया है। पीड़िता का कहना है कि कुछ समय पहले ही इन लोगों से उनका विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उन्हें इन दोनों पर शक है और उन्होंने पुलिस से इनके खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब वह लिखित तहरीर लेकर थाने पहुंचीं, तो पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आरोप है कि थाने से उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि "कुछ चोरी नहीं हुई है"। पुलिस के इस ढुलमुल रवैये के बाद पीड़ित परिवार ने अब बदायूं एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
गेहूं के खेत से शुरू हुआ झगड़ा कैसे बना खूनी खेल? प्रधान समेत 10 घायल, गांव में दहशत
इस घटना के बाद से हजरतपुर के ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस तत्काल घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। साथ ही, संदिग्धों से कड़ी पूछताछ कर चोरी गया माल बरामद किया जाए और बैंक को सूचित कर लॉकर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।