हिंदी
अमेठी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी में बुधवार को एक नव विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर ससुराल में लटका मिला। मृतका की शादी दो महीने पहले ही हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र स्थित मुबारकपुर मुखेतिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने घर में फांसी पर लटकी मिली। मृतका की पहचान रितु 22 पत्नी शैलेंद्र के रूप में हुई।
उसकी शादी बीते 8 मई को मुबारकपुर मुखेतिया निवासी शिवबहादुर के बेटे शैलेन्द्र कुमार से हुई थी। शैलेन्द्र महाराष्ट्र में नौकरी करता है। शादी के बाद रीतू दूसरी बार अपनी ससुराल आई हुई थी। मृतका का मायका डीह थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में है।
मृतका के ससुर शिवबहादुर ने बताया कि मंगलवार रात रीतू ने सामान्य रूप से खाना बनाया और परिवार के सभी सदस्यों को खिलाया। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। बुधवार सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से देखने पर घटना का पता चला।
घटना के बाद मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। जहां कोहराम मचा हआ है। सूचना मिलते ही जायस पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक जायस अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
Location : Amethi
Published : 30 July 2026, 5:39 AM IST