हिंदी
अवैध खनन पर बवाल
जिले में पुलिस और एक बुजुर्ग दुकानदार के बीच विवाद का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर इलाके में एक 70 वर्षीय दुकानदार ने सिपाही और चौकी प्रभारी पर अभद्रता और गाली-गलौज के गंभीर आरोप लगाए हैं। पूरा मामला दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। जिसका वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
पीड़ित रामशरण सिंह का कहना है कि उनकी दुकान बाबा जलपान गृह पर एक सिपाही और उसके साथ आए चौकी प्रभारी पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने पहले फ्री में रजनीगंधा मांगा और बाद में मामूली देरी पर विवाद शुरू कर दिया। दुकानदार का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
करीब 2 मिनट 51 सेकेंड के वायरल वीडियो में एक सिपाही दुकानदार से सामान मांगता दिख रहा है। इसके बाद दरोगा दुकान में पहुंचकर कथित तौर पर गाली-गलौज करता नजर आता है। वीडियो में बहस और तनाव की स्थिति साफ देखी जा सकती है। यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह चोरों को पकड़कर जा रहे थे और केवल पानी की बोतल मंगाई गई थी। उनके अनुसार देरी को लेकर केवल हल्की कहासुनी हुई, अभद्रता का आरोप गलत है। पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। महाराजपुर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई होगी।
Location : Kanpur
Published : 8 June 2026, 6:52 AM IST
Topics : crime news Kanpur Crime Kanpur News UP Police