हिंदी
यूपी के देवरिया में अब्दुल गनी शाह मजार पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन की यह कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी है। एसडीएम कोर्ट ने पुराने नक्शे को रद्द करते हुए कार्रवाई का आदेश दिया था। एसडीएम सदर श्रुति शर्मा ने बताया कि जिस जमीन पर मजार बनी है, वह बंजर भूमि है।
देवरिया में मजार पर प्रशासन की कार्रवाई
देवरिया: यूपी के देवरिया में गोरखपुर रोड स्थित ओवरब्रिज के पास बनी 50 साल पुरानी अब्दुल गनी शाह मजार पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन की यह कार्रवाई रविवार से जारी है। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कई थानों से लगभग 300 जवान चप्पे-चप्पे पर मौजूद थे ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। एसडीएम श्रुति शर्मा भी मौके पर मौजूद रहीं और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
जानकारी के अनुसार 50 साल पहले सरकारी बंजर भूमि पर इस मजार का निर्माण किया गया था। सोमवार को एक बार फिर कार्रवाई शुरू हुई। मौके पर प्रशासन और पुलिस बल मौजूद है।
देवरिया में प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते स्थानीय
SDM कोर्ट के आदेश पर एक्शन
यह कार्रवाई एसडीएम कोर्ट के आदेश पर अमल में लाई गई। कोर्ट ने मजार को सरकारी बंजर भूमि पर अवैध निर्माण घोषित किया था। मामला वर्ष 2019 से चल रहा है, जब स्थानीय लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पाया गया कि यह निर्माण बिना किसी वैध अनुमति के किया गया था। पिछले दिनों एसडीएम कोर्ट में सुनवाई पूरी हुई जिस पर कोर्ट ने कार्रवाई का आदेश जारी किया।
Deoria News: देवरिया में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, 4 लाख से अधिक नाम हटे
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई कानून के दायरे में पूरी तरह वैध है और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को हटाने की दिशा में उठाया गया कदम है।
देवरिया में प्रशासन की कार्रवाई
सपा ने अवैध मजार पर एक्शन को देवरिया के इतिहास का काला दिन करार दिया। सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने कहा कि आज का दिन देवरिया के इतिहास में काले दिन के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से लोगों की भावनाएं जुड़ी होती हैं। जब धार्मिक स्थानों एवं उपासना स्थलों पर ऐसी कार्रवाई होती है तो लोग भावुक हो ही जाते हैं। देवरिया में गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की पहचान रही है। उन्होंने जल्दबाजी और सत्ता के दबाव में कार्रवाई का आरोप लगाया।
इस मामले में देवरिया सदर की एसडीएम श्रुति शर्मा ने कहा कि दरगाह कमिटी की ओर से अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया। शांति व्यवस्था के लिए प्रशासनिक अधिकारी फोर्स के साथ मौजूद रहे।
देवरिया में रफ्तार का कहर: बहन की मौत की खबर सुनकर निकला परिवार, रास्ते में ही छिन गया बेटी का साथ
दरगाह कमिटी के अध्यक्ष मो. राशिद खान ने अब कहा है कि इस मामले में प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई है। हमें शनिवार की रात 'मजार' को गिराने के लिए कहा गया था। प्रशासन ने साफ कहा था कि अगर हम लोगों ने ऐसा नहीं किया तो अगले दिन रविवार दोपहर 12 बजे उनका बुलडोजर आ जाएगा। हमारे खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हमसे कहा कि हमारे खिलाफ वही केस दर्ज किया जाएगा, जो संभल में हुआ था।