हिंदी
Muzaffarnagar: आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस प्रशासन ने विशेष व्यवस्था लागू की है। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी मीट की दुकानों को तिरपाल और पन्नियों से ढकवा दिया गया है, ताकि यहां से गुजरने वाले शिवभक्त कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे।
हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार स्थित पवित्र हर की पौड़ी से गंगाजल भरकर दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों की ओर प्रस्थान करते हैं। यह पूरी यात्रा मुजफ्फरनगर जनपद से होकर गुजरती है। इसी कारण पुलिस ने कांवड़ मार्ग पर खुले में मीट प्रदर्शन को ढकवाने और दुकानों को पीछे की ओर व्यवस्थित करने का निर्णय लिया है, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कानपुर हाईवे पर बेकाबू कार का कहर, ई-रिक्शा समेत कई लोगों को मारी टक्कर
मीट दुकानदार फरीद ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों, जिनमें एसपी स्तर के अधिकारी भी शामिल थे, ने दुकानों के बाहर टंगे नॉनवेज आइटम को ढकने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि यह कदम आपसी सद्भाव और कांवड़ियों की सुविधा के लिए उठाया गया है। सभी मांसाहारी दुकानों को ढकवा दिया गया है ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो और त्योहार शांति से संपन्न हो सके।
सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जो मीट शॉप खुले में मीट बेच रही थीं या डिस्प्ले कर रही थीं, उन्हें ढकवाया गया है तथा कुछ स्टाल को पीछे की ओर शिफ्ट कराया गया है। प्रशासन का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान हो।
प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की है, ताकि महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के माहौल में संपन्न हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और धार्मिक मार्गों की निगरानी के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 13 February 2026, 1:59 PM IST
Topics : crime news mahashivratri muzaffarnagar news UP News