हिंदी
रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचे गए एसीएमओ
Etawah : जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कानपुर विजिलेंस टीम ने स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पैथॉलजी के रजिस्ट्रेशन के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत मांग रहे एसीएमओ को 55 हजार रुपये लेते समय दबोचा गया। कार्रवाई के बाद सीएमओ कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप का माहौल बन गया।
मामला इटावा जनपद के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार एसीएमओ श्रीनिवास यादव पर एक पैथॉलजी संचालक से रजिस्ट्रेशन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की थी। शिकायत की जांच के बाद कानपुर विजिलेंस टीम ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप लगाया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही एसीएमओ ने शिकायतकर्ता से 55 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
सूत्रों के अनुसार आरोपी अधिकारी इससे पहले भी शिकायतकर्ता से रिश्वत की एक किश्त ले चुका था। लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने विजिलेंस से संपर्क किया था। इसके बाद पूरे मामले की निगरानी की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कानपुर से पहुंची करीब एक दर्जन सदस्यीय विजिलेंस टीम ने सीएमओ कार्यालय में कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। चर्चा है कि आरोपी अधिकारी लंबे समय से इटावा में तैनात था और कार्यालय में खुलेआम रिश्वतखोरी का खेल चल रहा था।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी एसीएमओ को अपने साथ सिविल लाइन थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई पूरी होने के बाद उसे कानपुर ले जाया जाएगा।
प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाने की बात कहती रही है। ऐसे में एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी का रिश्वत लेते हुए पकड़ा जाना विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल विजिलेंस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Location : Etawah
Published : 11 June 2026, 1:21 AM IST