हिंदी
पीड़ित परिवार
Badaun: बदायूं में एक युवक की दर्दनाक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मरने से पहले बनाया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें उसने अपनी मौत के पीछे जिम्मेदार लोगों के नाम तक बताए। कर्ज और कथित उत्पीड़न के बोझ तले दबे इस युवक ने जहर खाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली- पीछे छोड़ गया एक टूटता हुआ परिवार और इंसाफ की गुहार।
बदायूं में सनसनीखेज मामला
बदायूं में 34 वर्षीय सोनू शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मरने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने अपनी परेशानी और आरोपों को खुलकर बताया।
वीडियो में क्या था?
वीडियो में सोनू शर्मा ने अंकिता शर्मा को संबोधित करते हुए अपनी बात रखी। उसने तीन लोगों कौशल गुप्ता, अनिल मौर्य और सौरभ गुप्ता को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। जानकारी के मुताबिक, सोनू शर्मा पटरी पर फड़ लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। कुछ महीने पहले उसने इन लोगों से कर्ज लिया था। परिजनों का आरोप है कि वह कर्ज से ज्यादा ब्याज चुका चुका था, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी मानसिक दबाव में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
जहर खाकर की आत्महत्या
वीडियो वायरल करने के बाद सोनू ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। सोनू के दो छोटे बच्चे हैं, जिनका सहारा अब छिन गया।
LPG Crisis: खाली सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं, महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में खंगाला जा रहा है। सोनू शर्मा की मौत के बाद परिवार बुरी तरह टूट गया है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठा रहे हैं।
Location : Badaun
Published : 18 March 2026, 9:13 PM IST
Topics : Badaun News Badaun Police crime news UP News