अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा पर ग्रहों का खास संयोग! रवि योग में होगा दौरा

अखिलेश यादव की 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या यात्रा को लेकर सियासी और ज्योतिषीय चर्चाएं तेज हैं। ज्योतिषाचार्य पंडित प्रवीण शर्मा के मुताबिक, इस दिन रवि योग, जयद योग और विपरीत राजयोग का संयोग बन रहा है। यात्रा के दौरान अखिलेश करतलिया आश्रम और जानकीघाट बड़ास्थान मंदिर में साधु-संतों से मुलाकात कर सकते हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 November 2026, 2:49 PM IST
google-preferred

Ayodhya: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रस्तावित अयोध्या यात्रा को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। खास बात यह है कि इस बार उनकी रामनगरी यात्रा केवल राजनीतिक वजहों से ही नहीं, बल्कि ग्रह-नक्षत्रों के संयोग को लेकर भी चर्चा में है। अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि वह ग्रह-नक्षत्र देखकर अयोध्या आएंगे। अब 12 दिसंबर की तारीख को लेकर ज्योतिषीय गणनाएं सामने आई हैं।

12 दिसंबर को बन रहा रवि योग का संयोग

ज्योतिषाचार्य पंडित प्रवीण शर्मा के अनुसार, 12 दिसंबर शनिवार को उत्तराषाढ़ा नक्षत्र रहेगा। इस दिन तृतीया और चतुर्थी तिथि का संयोग भी बन रहा है। ज्योतिषीय गणना के मुताबिक, उत्तराषाढ़ा नक्षत्र के स्वामी सूर्य हैं, जबकि शनिवार का स्वामित्व शनि ग्रह के पास है। ऐसे में इस दिन सूर्य और शनि दोनों का प्रभाव रहेगा। ज्योतिषाचार्य इसे मिश्रित ऊर्जा वाला संयोग मान रहे हैं। उनके मुताबिक, 12 दिसंबर को पूरे दिन रवि योग प्रभावी रहेगा। इसके अलावा सूर्योदय से सुबह 11 बजकर 36 मिनट तक जयद योग भी रहेगा।

अखिलेश यादव का नोटबंदी पर हमला, बोले- भ्रष्टाचार का महासागर थी नोटबंदी, खजांची को भी नहीं भूली BJP

सूर्य और शनि के संयोग से बन रहा विपरीत राजयोग

इस यात्रा को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा सूर्य और शनि के प्रभाव की हो रही है। ज्योतिषाचार्य प्रवीण शर्मा के अनुसार, सूर्य और शनि के परस्पर विपरीत प्रभाव को विपरीत राजयोग के रूप में भी देखा जा रहा है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस तरह के संयोग का असर व्यक्ति के कामकाज, प्रतिष्ठा और परिस्थितियों पर पड़ सकता है। इसी आधार पर अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा को लेकर भी अलग-अलग आकलन किए जा रहे हैं।

राजनीतिक चर्चा में रह सकती है अखिलेश की यात्रा

ज्योतिषाचार्य पंडित प्रवीण शर्मा का कहना है कि 12 दिसंबर को बनने वाले ग्रह-नक्षत्रों के संयोग से अखिलेश यादव को राजनीतिक चर्चा और लाभ मिलने के संकेत हैं। उनकी अयोध्या यात्रा के दौरान राजनीतिक गतिविधियां सुर्खियों में रह सकती हैं। उनके बयानों और रामनगरी में होने वाले कार्यक्रमों पर लोगों की नजर रहेगी।

अखिलेश यादव ने बिछाई 2027 की सियासी बिसात, PDA फॉर्मूले को दी धार, सहारनपुर में सिख समाज को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?

करतलिया आश्रम में संतों से मिल सकते हैं अखिलेश

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के दौरान रामनगरी के साधु-संतों से मुलाकात का कार्यक्रम भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि वह सरयू तट स्थित प्राचीन पीठ करतलिया आश्रम पहुंच सकते हैं। करतलिया आश्रम के महंत बालयोगी रामदास ने बताया कि अखिलेश यादव कई बार आश्रम आने का वादा कर चुके हैं। ऐसे में उनके प्रस्तावित अयोध्या दौरे के दौरान आश्रम आने की उम्मीद है। अगर वह यहां पहुंचते हैं तो उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

जानकीघाट बड़ास्थान मंदिर जाने की भी संभावना

करतलिया आश्रम के अलावा अखिलेश यादव के जानकीघाट बड़ास्थान मंदिर पहुंचने की भी संभावना जताई जा रही है। यहां वह साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद ले सकते हैं। रामनगरी में उनके संभावित धार्मिक कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक नजरिए से भी चर्चा हो रही है। अयोध्या उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखती है। ऐसे में सपा प्रमुख की इस यात्रा के दौरान उनके कार्यक्रम, संतों से मुलाकात और राजनीतिक संदेश पर सभी की नजरें रहेंगी।

Location :  Ayodhya

Published :  15 November 2026, 2:49 PM IST

Advertisement