24 घंटे में 3 कांवड़ियों की मौत और 17 शिवभक्तों की हालत नाजुक, दिल्ली-रुड़की हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा

मेरठ के दिल्ली-रुड़की हाईवे पर डाक कांवड़ की तेज रफ्तार के चलते 24 घंटे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। अलग-अलग सड़क हादसों के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और वाहनों की गति नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 August 2026, 8:44 PM IST
google-preferred

Meerut News: दिल्ली-रुड़की हाईवे पर डाक कांवड़ की तेज रफ्तार अब हादसों का कारण बनने लगी है। शुक्रवार से शनिवार के बीच महज 24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन कांवड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई और 17 शिवभक्त घायल हो गए। हादसों के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

तेज रफ्तार वाहनों ने छीनी 3 कांवड़ियों की जिंदगी

पहला हादसा दौराला क्षेत्र के वलीदपुर गांव के पास शिवा ढाबे के सामने हुआ। शुक्रवार देर रात हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 21 वर्षीय साहिल बाइक से हरिद्वार जल लेने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे दौराला सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए उसके चचेरे भाई संदीप को हादसे की जानकारी दी और शव को मोर्चरी भिजवा दिया। इसी जगह शनिवार सुबह एक और हादसा हो गया। दिल्ली के मुर्गा मार्केट निवासी 22 वर्षीय राज भी बाइक से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहा था। अज्ञात वाहन की टक्कर में उसकी मौत हो गई।

तीसरे कांवड़िये की नहीं हो सकी पहचान

तीसरे हादसे में एक कांवड़िये की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। घायल अवस्था में उसे दौराला सीएचसी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और बाइक को थाने में जमा कर लिया गया है।

कई जगहों पर हुए सड़क हादसे

हाईवे पर हादसों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। दौराला स्थित पंडित ढाबे के सामने गाजियाबाद के विजय नगर निवासी कांवड़िया विजय वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। वहीं कनौडा के पास बिहार के गया निवासी संजय भी सड़क हादसे में घायल हो गया। सिवाया टोल प्लाजा के पास भगवती कॉलेज के सामने दिल्ली के शालीमार बाग निवासी पैदल कांवड़िए अमित और अजय को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके अलावा दौराला के जियो पेट्रोल पंप के सामने दिल्ली उत्तम नगर निवासी मनोज भी वाहन की टक्कर से घायल हो गया।

Location :  Meerut

Published :  8 August 2026, 8:44 PM IST

Related News

Advertisement