हिंदी
डीएम-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण (IMG: Dynamite News)
Amethi: अमेठी में लगातार बारिश के बाद जलभराव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तिलोई तहसील क्षेत्र के कई गांवों में पानी भरने से खेत जलमग्न हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 1500 बीघा फसल जलभराव की चपेट में आ गई है, जिससे 400 से ज्यादा किसान प्रभावित हुए हैं। जलभराव की समस्या की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी खुद मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीणों व किसानों से सीधे उनकी समस्याएं सुनीं।
जलभराव की समस्या सिर्फ एक गांव तक सीमित नहीं है। जिले के अलाई पुर, सीजनी, भदसाना, कोटवा, विराज, कमई, पूरे शिवराज, गोकुला समेत कई गांव प्रभावित बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक लगातार बारिश के साथ ड्रेन और नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई। देखते ही देखते खेतों में पानी भर गया और फसलें डूब गईं।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राकृतिक आपदा या जलभराव के कारण जिन किसानों और ग्रामीणों को नुकसान हुआ है, उसका तत्काल आकलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि नुकसान का सर्वे कर शासन की मंशा के अनुरूप पात्र प्रभावित लोगों को राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने अधिकारियों से यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों तक प्रशासन की मदद जल्द से जल्द पहुंचनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जल निकासी की समस्या को दूर करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ड्रेनों और नालियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जहां भी ड्रेन या नालियां अवरुद्ध हैं, वहां सफाई कराई जाए ताकि पानी की निकासी तेजी से हो सके। जलभराव वाले इलाकों में स्थिति सामान्य करने के लिए जरूरी सभी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर परिस्थितियां बिगड़ती हैं और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की जरूरत पड़ती है तो तत्काल राहत चौकी या राहत शिविर स्थापित किया जाए। इसके साथ ही बचाव और राहत कार्यों में इस्तेमाल होने वाले जरूरी संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके, इसके लिए संबंधित विभागों को अलर्ट रखा जाए।
कुछ सेकेंड में बदल गया सबकुछ! अमेठी में पिकअप-बाइक टक्कर से मातम
निरीक्षण के दौरान कई ग्रामीणों ने डीएम के सामने जलभराव और फसल नुकसान की समस्या रखी। ग्रामीणों ने जल निकासी की व्यवस्था बेहतर कराने और फसलों के नुकसान का सर्वे कराने की मांग की। ग्रामीण शिव बरन और विमलेश कुमारी ने बताया कि जिलाधिकारी पूरी टीम के साथ गांव पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों के मुताबिक डीएम ने समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया है।
ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएम संजय चौहान और एसपी सरवणन टी ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जल निकासी की व्यवस्था देखी और ग्रामीणों से बातचीत कर मौके की स्थिति समझी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, उप जिलाधिकारी तिलोई अरुणिमा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी तिलोई, तहसीलदार तिलोई समेत राजस्व और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Amethi
Published : 22 August 2026, 5:23 PM IST