सुल्तानपुर में दुर्गापूजा पंडाल के पास दर्दनाक हादसा, बुलेट की टक्कर से मासूम की मौत

सुल्तानपुर के बछेड़िया बाजार में दुर्गापूजा पंडाल के पास तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से मासूम की मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से चालक की तलाश कर रही है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 19 October 2026, 8:56 PM IST
google-preferred

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में दुर्गापूजा के माहौल के बीच एक दर्दनाक हादसे से मातम पसर गया। अखंडनगर थाना क्षेत्र के बछेड़िया बाजार में सोमवार शाम तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चा पूजा पंडाल के पास प्रसाद लेने के लिए खड़ा था, तभी बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।

प्रसाद लेने के लिए खड़ा था बच्चा, तभी हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात बजे अखंडनगर-दोस्तपुर मार्ग पर प्राणनाथपुर बछेड़िया बाजार में दुर्गापूजा के अवसर पर पंडाल स्थापित किया गया था। इसी दौरान एक बच्चा प्रसाद लेने के लिए खड़ा था। तभी तेज रफ्तार से गुजर रही बुलेट ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), अखंडनगर लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें: नवरात्र के मेले में दलेर मेहंदी को लेकर विवाद, मंत्री सुबोध उनियाल की नाराजगी का वीडियो चर्चा में; पढे़ं पूरी खबर

मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। त्योहार के बीच हुई इस घटना से परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोग भी गमगीन हैं। बाजार क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर अखंडनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फरार बुलेट सवार की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें: Mainpuri News: रामलीला में अंगद-रावण संवाद के बीच फिल्मी गानों पर डांस! वायरल वीडियो पर उठे सवाल

अखंडनगर के थानाध्यक्ष धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि हादसा पूजा पंडाल से थोड़ी दूरी पर हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

दुर्गापूजा के उत्सव के बीच मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। अब स्थानीय लोगों की नजर पुलिस की जांच और फरार बाइक सवार की गिरफ्तारी पर टिकी है।

Location :  Sultanpur

Published :  19 October 2026, 8:56 PM IST

Advertisement