अमेठी से उड़ान भरेगा भारत का Aviation Future, राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय में 2 साल में 3 गुना बढ़े छात्र

अमेठी स्थित राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (आरजीएनएयू) ने विमानन और एयरोस्पेस शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पिछले दो वर्षों में विश्वविद्यालय में छात्रों की संख्या तीन गुना से अधिक बढ़ी है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 21 August 2026, 4:54 PM IST
google-preferred

Amethi: भारत सरकार के नागर विमानन मंत्रालय के अंतर्गत स्थापित राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय देश का पहला और एकमात्र केंद्रीय विमानन विश्वविद्यालय है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भुवनाथ सिंह ने बताया कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संस्थान शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य देश को विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और युवाओं को विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराना है।

दो साल में तीन गुना बढ़ी छात्र संख्या

विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 111 छात्र थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 352 तक पहुंच गई है। वर्ष 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है। वर्तमान में विश्वविद्यालय पांच स्कूलों के माध्यम से बीटेक, एमटेक, बीएससी, बीबीए, बीएमएस, एमबीए और पीएचडी जैसे पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। इसके अलावा ड्रोन तकनीक और अग्निशमन जैसे कौशल आधारित पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: Amethi News: एक महीने पहले मायके आकर बोली थी- ‘ये लोग मुझे मार डालेंगे’, अब ससुराल में फंदे पर मिली लाश

शोध और शिक्षकों की संख्या में भी बढ़ोतरी

आरजीएनएयू में शोध गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विश्वविद्यालय में अब तक 31 शोध प्रकाशन दर्ज किए गए हैं, जिनमें शोध पत्र, सम्मेलन पत्र, पुस्तक अध्याय और एक पेटेंट शामिल है। शिक्षकों की संख्या भी बढ़ी है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में 37 शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें 24 नियमित और 13 संविदा शिक्षक शामिल हैं। वहीं 61 गैर-शैक्षणिक कर्मचारी भी विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

54 संस्थानों के साथ हुआ सहयोग

विश्वविद्यालय ने अब तक 54 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों व कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इनमें बोइंग, रोल्स-रॉयस, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल), जीएमआर एविएशन एकेडमी, पर्ड्यू यूनिवर्सिटी (अमेरिका), कोरिया एयरोस्पेस यूनिवर्सिटी और आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा तीन प्रमुख विमानन प्रशिक्षण संस्थानों को भी विश्वविद्यालय से संबद्ध किया गया है, जिससे छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे।

यह भी पढ़ें: Amethi News: एसपी सरवणन टी. को प्रशंसा चिह्न गोल्ड, ऑपरेशन चक्रव्यूह से अपराध नियंत्रण में मिली बड़ी सफलता

आधुनिक सुविधाओं का हो रहा विस्तार

विश्वविद्यालय परिसर में नई प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, छात्रावास, सभागार और आधुनिक अनुसंधान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। स्मार्ट ड्रोन एवं यूएवी लैब, विमानन उत्कृष्टता केंद्र और 500 एकड़ के हरित परिसर का निर्माण भी प्रगति पर है।

कुलपति प्रो. भुवनाथ सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्योगों के सहयोग के माध्यम से विमानन क्षेत्र में वैश्विक उत्कृष्टता केंद्र बनने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है।

Location :  Amethi

Published :  21 August 2026, 4:54 PM IST

Advertisement