हिंदी
सुलतानपुर में रूट डायवर्जन (Image Source: Dynamite News)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में दुर्गापूजा महोत्सव, विजयदशमी, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और भरत मिलाप के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था बदलने जा रही है। भीड़ और जाम की समस्या से बचने के लिए यातायात पुलिस ने 20 से 28 अक्टूबर तक भारी और मध्यम वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी है। वहीं, 20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर दोपहर दो बजे से गभड़िया फ्लाईओवर के ऊपर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। दुर्गापूजा मेले और प्रतिमा विसर्जन के दौरान ई-रिक्शा समेत सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले नया रूट प्लान जानना जरूरी है।
यातायात पुलिस के मुताबिक, अमहट, पयागीपुर, अंकित पेट्रोल पंप के पास बाईपास पुल के नीचे, बघराजपुर मोड़ हाईवे, भुलकी चौराहा, नकराही मोड़, कमनगढ़ मोड़ यानी विनोवापुरी मोड़, टाटियानगर, द्वारिकागंज, टेढ़ुई तिराहा और कटावा मोड़ से भारी व मध्यम वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दूसरे जिलों की ओर जाने वाले ऐसे वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा। स्थानीय निवासियों को पहचान पत्र देखने के बाद हल्के वाहनों से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
दूसरी ओर, अयोध्या, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर, प्रयागराज, अमेठी, रायबरेली और लखनऊ की ओर से आने वाली उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। ये बसें टेढ़ुई तिराहे से शहर में प्रवेश कर रोडवेज बस स्टैंड पहुंचेंगी। इसके बाद डीएम तिराहे से होते हुए टेढ़ुई तिराहे जाएंगी और वहां से अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना होंगी।
20 अक्टूबर को विजयदशमी और रावण दहन कार्यक्रम के मद्देनजर गभड़िया चौराहे से फ्लाईओवर के ऊपर दोपहर दो बजे से यातायात बंद रहेगा। शहर में आने वाले वाहनों को महुअरिया और पयागीपुर के रास्ते प्रवेश करना होगा। विवेकनगर और कुड़वार की ओर जाने वाले वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे से विवेकनगर पुलिस लाइन के बगल वाले मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं, अमहट की तरफ जाने वाले वाहन रोडवेज, शाहगंज और पयागीपुर होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना पड़ा भारी? CJP के दोनों नेता अभी जेल में रहेंगे!
21 अक्टूबर को भरत मिलाप के दौरान पयागीपुर की ओर से आने वाले वाहनों को दरियापुर से पंचरास्ता, माल गोदाम और जिला अस्पताल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शाहगंज से पयागीपुर जाने वाले वाहनों को तिकोनिया पार्क से लाल डिग्गी की तरफ भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन राहुल चौराहे से होकर आगे जा सकेंगे।
दुर्गापूजा मेले और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर के अंदर ई-रिक्शा सहित सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी कर लें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। इससे जाम से बचने और धार्मिक आयोजनों को सुचारु रूप से संपन्न कराने में मदद मिलेगी। हालांकि, आपात स्थिति में एंबुलेंस को प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
Location : Sultanpur
Published : 19 October 2026, 8:58 PM IST