RSS Leader Murder: हापुड़ में RSS नेता को ट्रैक्टर से कुचला, 35 मीटर तक घसीटा; मौत के बाद तनाव

हापुड़ के महमूदपुर गांव में RSS पदाधिकारी सतीश चौधरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश और अवैध खनन विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। मामले के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 2 September 2026, 11:16 AM IST
google-preferred

Hapur: हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में देर शाम हुए दर्दनाक हादसे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सपनावत खंड के सहसंपर्क प्रमुख सतीश कुमार चौधरी (50) की मौत हो गई। मिट्टी से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने घर के बाहर खड़े सतीश को जोरदार टक्कर मार दी।

आरोप है कि टक्कर के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और सतीश को करीब 30 से 35 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर रूप से घायल सतीश को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

ट्रैक्टर पलटने से चालक घायल

घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर का पीछा किया। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर गड्ढे में पलट गया। हादसे में चालक कलीम निवासी घुंघराला गांव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सतीश चौधरी के भतीजे मनोज कुमार और परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार किया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से रात के समय अवैध खनन के ट्रैक्टर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किया गया था, जिसके चलते रंजिश चल रही थी।

परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के कारण सतीश को जानबूझकर ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या की गई।

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Hapur

Published :  2 September 2026, 11:10 AM IST

Related News

Advertisement