शादी से इनकार का खौफनाक बदला! आधी रात दीवार फांदकर घर में घुसा, दो बहनों पर फेंका तेजाब

हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में आधी रात एक खौफनाक वारदात सामने आई। आरोप है कि शादी से इनकार करने से नाराज युवक दीवार फांदकर घर में घुसा और दो बहनों पर तेजाब फेंक दिया। दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें मेरठ रेफर किया गया है। शोर सुनकर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 August 2026, 12:47 PM IST
google-preferred

Hapur: आधी रात का सन्नाटा अचानक चीख-पुकार में बदल गया। घर में सो रही दो बहनों पर तेजाब फेंके जाने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आरोप है कि शादी से इनकार करने से नाराज एक युवक बोतल में तेजाब लेकर दीवार फांदकर घर में घुसा और पहले बड़ी बहन को निशाना बनाया। बड़ी बहन को बचाने के लिए छोटी बहन आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी तेजाब फेंक दिया। दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। चीख सुनकर ग्रामीण जागे और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामला हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव का है।

नशे की जानकारी पर टूटा रिश्ता

पीड़ित परिवार के मुताबिक, उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का रिश्ता हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी निवासी हर्ष नाम के युवक के साथ तय किया था। परिवार को बाद में जानकारी हुई कि युवक कथित तौर पर नशे का सेवन करता है। इस जानकारी के बाद परिवार ने रिश्ता तोड़ने का फैसला किया। परिवार का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद युवक लगातार बड़ी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। परिवार और युवती की ओर से शादी से साफ इनकार कर दिया गया।

रात घर में घुसा युवक

परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब सवा दो बजे आरोपी हाथ में बोतल लेकर घर में घुसा। आरोप है कि उसने घर में प्रवेश करने के लिए दीवार फांदी। उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। घर में आहट होने पर बड़ी बेटी की आंख खुल गई। वह कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी ने कथित तौर पर उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया।

पाक का नापाक UP Connection! जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी हापुड़ से चढ़ा UP ATS के हत्थे

बहन को बचाने आई तो छोटी पर भी तेजाब

बड़ी बहन पर हमला होते देख छोटी बहन उसे बचाने के लिए आगे आई। आरोप है कि आरोपी ने उसे भी नहीं छोड़ा और उस पर भी तेजाब फेंक दिया। तेजाब की चपेट में आने से दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। उनके चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। कुछ ही देर में घर और आसपास के इलाके में ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।

ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले किया

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। 112 पर जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तेजाब कहां से लेकर आया था और वारदात के पीछे उसकी पूरी मंशा क्या थी।

हापुड़ में खौफनाक वारदात: चलती कार में गनपॉइंट पर छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी की करतूत से सहमी पीड़िता ने बताया खौफनाक मंजर

दोनों बहनों की हालत गंभीर

तेजाब से झुलसी दोनों युवतियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने दोनों को मेरठ रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों बहनों का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिवार के लोग भी अस्पताल में मौजूद हैं और उनकी हालत को लेकर चिंतित हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सीओ राहुल यादव के मुताबिक, तेजाब से झुलसी दोनों युवतियों का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Hapur

Published :  30 August 2026, 12:47 PM IST

Related News

Advertisement