IND vs NZ 2nd Test: ध्रुव जुरेल का संघर्ष, न्यूजीलैंड का दबदबा; भारत के सामने बड़ी चुनौती

क्राइस्टचर्च टेस्ट के तीसरे दिन न्यूजीलैंड ने भारत पर 243 रनों की बढ़त हासिल कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। ध्रुव जुरेल की संघर्षपूर्ण पारी ने भारत को फॉलोऑन से बचाया, लेकिन आकाश दीप की चोट ने टीम इंडिया की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 29 November 2026, 11:48 AM IST
google-preferred

New Delhi: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे और निर्णायक टेस्ट मुकाबले में टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मेजबान टीम ने दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 133 रन बना लिए हैं। पहली पारी में मिली 110 रनों की बढ़त के साथ न्यूजीलैंड की कुल बढ़त अब 243 रन हो गई है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने मुकाबले में वापसी करने की बड़ी चुनौती है।

ध्रुव जुरेल ने बचाई भारत की लाज

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने तीसरे दिन भारतीय टीम की पहली पारी 246 रनों पर समेट दी। हालांकि, मुश्किल परिस्थितियों में विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को फॉलोऑन से बचा लिया।

एक समय भारतीय टीम महज 117 रनों पर सात विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद जुरेल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर पारी को संभाला। उन्होंने 170 गेंदों का सामना करते हुए 88 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। हालांकि, जुरेल की इस कोशिश के बावजूद न्यूजीलैंड पहली पारी में 110 रनों की बढ़त हासिल करने में कामयाब रहा।

बुमराह ने चटकाये दो विकेट (Img X)

कॉनवे के अर्धशतक ने बढ़ाई भारत की टेंशन

पहली पारी में बढ़त हासिल करने के बाद न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज डेवन कॉनवे ने 97 गेंदों पर 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर मेजबान टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड का स्कोर 133/3 रहा। रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल क्रीज पर नाबाद हैं। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट हासिल किए, जबकि वाशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली। चौथे दिन न्यूजीलैंड की कोशिश अपनी बढ़त को और मजबूत करने की होगी।

आकाश दीप चोटिल, गेंदबाजों पर टिकी उम्मीदें

मुकाबले के तीसरे दिन भारतीय टीम को उस वक्त एक और झटका लगा, जब बल्लेबाजी के दौरान तेज गेंदबाज आकाश दीप चोटिल हो गए। कंकशन के चलते उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कंकशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।

अब चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी को जल्द समेटने की चुनौती होगी। जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा से टीम को काफी उम्मीदें होंगी। यदि भारतीय गेंदबाज सुबह के सत्र में जल्दी विकेट निकालने में कामयाब होते हैं, तो टीम इंडिया के पास मुकाबले में वापसी का मौका बन सकता है। हालांकि, न्यूजीलैंड की मौजूदा बढ़त को देखते हुए भारतीय बल्लेबाजों की राह आसान नहीं होगी।

Location :  New Delhi

Published :  29 November 2026, 11:48 AM IST

Advertisement