हिंदी
पुलिस कर्मियों की बाइक रैली
महराजगंज: मिशन शक्ति 5.0 के तहत रविवार को महिला सशक्तिकरण और जागरूकता का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। नगर चौराहे से जिलाधिकारी ने महिला पुलिस कर्मियों की भव्य बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस रैली में 100 से अधिक महिला पुलिस कर्मियों ने जोश और अनुशासन के साथ हिस्सा लिया। रैली शाम 5 बजे दुर्गा मंदिर से शुरू होकर गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर केएमसी हॉस्पिटल होते हुए पुनः दुर्गा मंदिर पर संपन्न हुई। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर महिला कर्मियों ने लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया।
रैली में विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों का भी प्रचार किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तत्काल मदद प्राप्त कर सकें। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में यह जागरूकता फैलाना था कि हर नागरिक नारी सुरक्षा के लिए सजग रहे, बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता दी जाए और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं की रिपोर्ट समय से की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता महिला सुरक्षा और सम्मान है। उन्होंने दोहराया कि महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य किया जा रहा है। यह रैली मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। महिला पुलिस कर्मियों की इस बाइक रैली ने पूरे जिले में महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया।
Location : Maharajganj
Published : 22 September 2025, 1:07 AM IST
Topics : DM Maharajganj Mission Shakti Woman Security