हिंदी
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर (Fatehpur) जनपद के जाफरगंज थाना क्षेत्र के रामदीन का पुरवा गांव में बीती मंगलवार देर शाम को एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 14 वर्षीय छात्र ने चाकू से हमला कर एक महिला की हत्या कर दी।
मृतक महिला की पहचान रानी देवी (पत्नी राजेश निषाद) के रूप में की गई। हत्या का कारण स्कूल में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद हुई कहासुनी बताई जा रही है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार मृतिका रानी देवी का बेटा और आरोपी छात्र गांव के जूनियर हाई स्कूल में पढ़ते हैं। कुछ दिन पहले स्कूल में दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। मृतक रानी देवी के बेटे ने घर आकर अपनी मां को इस बारे में बताया था।
विवाद को लेकर उलाहना
जानकारी के मुताबिक आरोपी छात्र चाट का ठेला लगाता है। वह मंगलवार देर शाम रानी देवी के घर के सामने से गुजर रहा था। इस दौरान रानी देवी ने उसे रोककर बेटे के साथ हुए विवाद को लेकर उलाहना दिया। इसी बात से उत्तेजित होकर आरोपी ने चाकू निकालकर रानी देवी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रानी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
आरोपी छात्र घटना के बाद फरार
आरोपी छात्र घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी की जल्द गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना बच्चों के विवाद को लेकर शुरू हुई, लेकिन इसका अंत हत्या जैसी गंभीर घटना पर हुआ। पुलिस ने परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
Published : 18 December 2024, 10:52 AM IST
Topics : crime news Dynamite News Fatehpur fatehpur news Manoj Tobrewal Aakash Murder in Fatehpur UP Police uttar pradesh