हिंदी
युवा स्पिनर श्री चरणी (Img: X)
New Delhi: भारतीय महिला क्रिकेट की युवा स्पिनर श्री चरणी ने महज 22 साल की उम्र में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। बांग्लादेश के खिलाफ महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में शानदार गेंदबाजी करने के साथ ही उन्होंने रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा लिया।
श्री चरणी ने मुकाबले में अपने चार ओवर के कोटे में केवल 14 रन खर्च किए और एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। खास बात यह रही कि उनके स्पेल में एक मेडन ओवर भी शामिल रहा। उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने बांग्लादेशी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और भारत ने मुकाबला जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस मुकाबले के दौरान श्री चरणी ने टी20 इंटरनेशनल में अपने 50 विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 29 मैचों में हासिल की है। इसके साथ ही वह महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम मैचों में 50 विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बन गई हैं। इतना ही नहीं, श्री चरणी अब दुनिया की उन चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने 29 या उससे कम मैचों में 50 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरे किए हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ चीन की मेंगटिंग लियू हैं।
ये भी पढे़ं- IND W vs BAN W: भारत की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, बांग्लादेश को हराकर एशिया कप फाइनल में धमाकेदार एंट्री
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेजी से 50 विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड चीन की मेंगटिंग लियू के नाम है। उन्होंने केवल 28 मैचों में यह आंकड़ा छुआ था। इसके बाद श्री चरणी न्यूजीलैंड की ली कास्परेक और वेस्टइंडीज की अनीसा मोहम्मद के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
सबसे तेज 50 विकेट लेने वाली गेंदबाजों की सूची इस तरह है:
28 मैच - मेंगटिंग लियू, चीन
29 मैच - ली कास्परेक, न्यूजीलैंड
29 मैच - अनीसा मोहम्मद, वेस्टइंडीज
29 मैच - श्री चरणी, भारत
34 मैच - सोफी एक्लेस्टोन, इंग्लैंड
श्री चरणी ने साल 2025 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने लगातार अपने प्रदर्शन से टीम में जगह मजबूत की। अब तक 29 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम 50 विकेट दर्ज हैं। उनकी गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकत किफायती स्पेल मानी जाती है। उन्होंने इस दौरान करीब 6.74 की इकॉनमी रेट से रन दिए हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 12 रन देकर 4 विकेट रहा है।
ये भी पढे़ं- संन्यास की अटकलों के बीच रोहित शर्मा का बड़ा खुलासा! “अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर”
श्री चरणी का शानदार प्रदर्शन सिर्फ रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है। वह महिला टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर भी काबिज हैं। महिला एशिया कप में भी उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावी रहा है।टूर्नामेंट में अब तक चार मैचों में श्री चरणी 8 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने केवल 3.28 की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं। सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उनका किफायती स्पेल एक बार फिर दिखाता है कि दबाव वाले मुकाबलों में वह टीम के लिए कितनी अहम बन चुकी हैं।
Location : New Delhi
Published : 11 September 2026, 11:51 AM IST
Topics : Asia Cup indian cricket Shree Charani T20I Women cricket