हिंदी
फीफा वर्ल्ड कप में भाईयों की जोड़ी दिखाएगी दम (Img: Google)
New Delhi: फीफा विश्व कप 2026 का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। दुनिया की 48 सर्वश्रेष्ठ टीमें फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर अपनी ताकत दिखाने के लिए तैयार हैं। लेकिन इस बार सिर्फ खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही चर्चा में नहीं है, बल्कि कुछ ऐसे पारिवारिक रिश्ते भी सुर्खियां बटोर रहे हैं जो मैदान पर अलग-अलग देशों की जर्सी में नजर आएंगे।
विश्व कप में इस बार कुल सात भाईयों की जोड़ियां हिस्सा ले रही हैं। इनमें से तीन जोड़ियां एक ही देश के लिए खेलेंगी, लेकिन चार ऐसी हैं जिनके भाई अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे। एक ही परिवार में जन्म लेने वाले ये खिलाड़ी अब विश्व कप में अलग-अलग राष्ट्रीय ध्वज के लिए लड़ते दिखाई देंगे। यही वजह है कि उनकी कहानियां फुटबॉल प्रशंसकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
इस सूची में पहला नाम डेरिक लुकासेन और ब्रायन ब्रॉबी का है। 30 वर्षीय डेरिक लुकासेन घाना की टीम का हिस्सा हैं, जबकि उनके छोटे भाई ब्रायन ब्रॉबी नीदरलैंड्स की ओर से मैदान में उतरेंगे। दोनों खिलाड़ियों के माता-पिता घाना मूल के हैं, लेकिन उनके करियर का रास्ता अलग-अलग राष्ट्रीय टीमों तक पहुंचा। ब्रॉबी को नीदरलैंड्स के सबसे प्रतिभाशाली स्ट्राइकरों में गिना जाता है, जबकि डेरिक को विश्व कप टीम में चोटिल खिलाड़ी के स्थान पर मौका मिला है। एक ही परिवार से निकले ये दोनों खिलाड़ी अब अलग-अलग देशों के सपनों को पूरा करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
फुटबॉल दुनिया की सबसे दिलचस्प भाईयों की जोड़ियों में जॉन साउटार और हैरी साउटार का नाम भी शामिल है। दोनों का जन्म स्कॉटलैंड में हुआ और दोनों ही डिफेंडर के रूप में खेलते हैं। हालांकि पारिवारिक पृष्ठभूमि ने उन्हें दो देशों के बीच विकल्प दिया। उनकी मां ऑस्ट्रेलिया में जन्मी थीं, जबकि पिता स्कॉटलैंड से थे। यही कारण रहा कि जॉन ने स्कॉटलैंड का प्रतिनिधित्व चुना, जबकि हैरी ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बन गए।
विश्व कप में दोनों भाई अलग-अलग महाद्वीपों की टीमों के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
स्पेन के युवा स्टार निको विलियम्स और उनके बड़े भाई इनाकी विलियम्स की कहानी भी बेहद खास है। 23 वर्षीय निको स्पेन की टीम के अहम खिलाड़ी हैं और यूरो 2024 जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वहीं उनके बड़े भाई इनाकी ने अपने करियर की शुरुआत स्पेन के लिए की थी, लेकिन बाद में उन्होंने घाना की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया। दिलचस्प बात यह है कि दोनों भाई क्लब स्तर पर एक ही टीम एथलेटिक बिलबाओ के लिए खेलते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी राहें अलग हो चुकी हैं।
फ्रांस के उभरते सुपरस्टार डेसिरे डौए और उनके बड़े भाई गुएला डौए भी इस अनोखी सूची में शामिल हैं। 21 वर्षीय डेसिरे डौए को दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में गिना जाता है और उन्हें फ्रांस की विश्व कप टीम में जगह मिली है। दूसरी ओर, उनके बड़े भाई गुएला डौए आइवरी कोस्ट की ओर से खेलेंगे। दोनों भाइयों की पारिवारिक जड़ें दो देशों से जुड़ी हैं। उनके पिता आइवरी कोस्ट से हैं जबकि मां फ्रांस की नागरिक हैं। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के पास दोनों देशों का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार था, लेकिन उन्होंने अलग-अलग रास्ते चुने।
फीफा विश्व कप हमेशा भावनाओं, संघर्ष और सपनों की कहानियों के लिए जाना जाता है। लेकिन 2026 का टूर्नामेंट कुछ परिवारों के लिए और भी खास बनने जा रहा है। जहां एक तरफ भाईयों के बीच प्यार और रिश्ते हैं, वहीं दूसरी तरफ अपने-अपने देश के लिए जीत हासिल करने का जुनून भी है।
Location : New Delhi
Published : 11 June 2026, 12:51 PM IST