हिंदी
बीसीसीआई बैठक (Img: Internet)
Mumbai: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सालाना आम बैठक का आयोजन 28 सितंबर 2025 को मुंबई में होने वाला है। यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है, जहां कई बड़े फैसले लिए जाने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इस बैठक में बीसीसीआई के नए अध्यक्ष का चुनाव भी होना है। इतना ही नहीं, IPL चेयरमैन का भी चुनाव हो सकता है।
बोर्ड के अध्यक्ष पद से पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी के इस्तीफे के बाद बीसीसीआई का अध्यक्ष पद खाली हो गया है। फिलहाल के लिए राजीव शुक्ला ये पद संभाल रहे हैं। लेकिन अब इस पद के लिए चुनाव होना है। बिन्नी ने अक्टूबर 2022 में अध्यक्ष पद संभाला था।
वहीं, IPL चेयरमैन अरुण धूमल का छह साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है, जिसके बाद उन्हें BCCI के नियमों के अनुसार अनिवार्य ब्रेक लेना होगा जिसे कूलिंग-ऑफ पीरियड कहा जाता है। इस कारण से यह पद भी AGM में चर्चा और संभावित चुनाव का विषय बनेगा।
हालांकि AGM में सभी अहम पदों के लिए चुनाव एजेंडे में शामिल हैं, लेकिन जानकारों के अनुसार, असल में केवल एक-दो पदों के लिए ही चुनाव की नौबत आ सकती है। अधिकतर मौजूदा पदाधिकारी अपने-अपने पदों पर बने रह सकते हैं।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया का कार्यकाल जारी रहना लगभग तय माना जा रहा है। वे पिछले तीन वर्षों से इस पद पर हैं—दो साल तीन महीने तक संयुक्त सचिव और फिर नौ महीने से सचिव के रूप में कार्यरत हैं। जनवरी 2025 में, जय शाह के ICC अध्यक्ष बनने के बाद, सैकिया को सर्वसम्मति से BCCI सचिव चुना गया था।
बीसीसीआई (Img: Internet)
रोहन गोंसाल्वेस देसाई, जिन्हें मार्च 2025 में संयुक्त सचिव बनाया गया था, और प्रभतेज भाटिया, जो जनवरी में कोषाध्यक्ष बने, अपने-अपने पदों पर बने रह सकते हैं। AGM में इनकी स्थिति को लेकर किसी बड़ी चुनौती की उम्मीद नहीं है।
AGM का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह चुनाव अगले तीन साल तक या तब तक के लिए होगा जब तक कि नया स्पोर्ट्स बिल लागू नहीं हो जाता। उम्मीद है कि यह बिल अगले छह महीने में लागू हो सकता है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि उसके बाद BCCI को फिर से चुनाव कराने होंगे या नहीं।
Location : Mumbai
Published : 7 September 2025, 10:57 AM IST
Topics : BCCI India Cricket News Sports News