हिंदी
डाइट में छिपा जहर
New Delhi: हमारी रोज़मर्रा की थाली में मौजूद कुछ बेहद आम लेकिन खतरनाक खाद्य पदार्थ हमारी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं। खासकर सफेद रंग के खाद्य पदार्थ जैसे मैदा, चीनी, नमक, सफेद चावल और आलू हमारी लाइफस्टाइल डिज़ीज़ का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इनका नियमित और अधिक मात्रा में सेवन हृदय रोग, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और यहां तक कि कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों की संभावना को बढ़ा देता है।
क्यों हो रही है सेहत पर मार?
तेजी से बदलती लाइफस्टाइल और प्रोसेस्ड फूड की आदत ने हमारे भोजन से पोषक तत्वों की मात्रा को काफी कम कर दिया है। आज के समय में फास्ट फूड, चाइनीज और पैकेज्ड स्नैक्स में इन सफेद पदार्थों का जमकर उपयोग होता है। इनमें पोषण की कमी होती है और यह केवल स्वाद के लिए इस्तेमाल होते हैं।
चीनी: मीठा ज़हर
सफेद चीनी को ‘एम्प्टी कैलोरी’ कहा जाता है क्योंकि इसमें किसी प्रकार का पोषण नहीं होता। यह शरीर में जाकर तुरंत ग्लूकोज और फ्रुक्टोज में बदल जाती है, जिससे मोटापा, इंसुलिन रेजिस्टेंस और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ता है। लंबे समय तक इसका सेवन लिवर से जुड़ी समस्याएं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से भी जोड़ा गया है।
मैदा: छुपा हुआ खतरा
मैदे का निर्माण गेहूं को रिफाइन करके किया जाता है, जिसमें फाइबर, विटामिन और खनिज तत्व निकल जाते हैं। मैदे से बने उत्पाद जैसे व्हाइट ब्रेड, पेस्ट्री, बिस्किट आदि पेट की समस्याएं, हाई ट्राइग्लिसराइड्स और हार्मोनल असंतुलन का कारण बन सकते हैं।
नमक: ज़रूरत से ज़्यादा नुकसानदायक
हालांकि नमक शरीर के लिए जरूरी होता है, लेकिन अधिक मात्रा में इसका सेवन ब्लड प्रेशर को असंतुलित कर सकता है। यह हृदय की धमनियों को नुकसान पहुंचा सकता है और किडनी, हड्डियों तथा पेट की समस्याओं का कारण बन सकता है।
सफेद चावल और आलू
रिफाइंड चावल और सफेद आलू में फाइबर की मात्रा बेहद कम होती है। ये दोनों ही हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले होते हैं, जिससे शरीर में शुगर लेवल तेजी से बढ़ता है। ये खाद्य पदार्थ वजन बढ़ाने और डायबिटीज का बड़ा कारण बन सकते हैं।
क्या है समाधान?
इन खतरनाक सफेद चीजों से पूरी तरह बचना संभव नहीं है, लेकिन इन्हें सीमित मात्रा में लेना और इनके हेल्दी विकल्प चुनना ज़रूरी है। ब्राउन राइस, गुड़, सेंधा नमक, ओट्स, साबुत अनाज और ताजे फल-सब्जियां स्वस्थ विकल्प हो सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 19 July 2025, 7:27 AM IST
Topics : Dietary Changes Health News Processed Foods Refined Salt Silent Killer Unhealthy Foods White Foods White Sugar
No related posts found.