हिंदी
ग्रामीणों ने सिर पर सफेद रुमाल बांधकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया(image: x)
Burhanpur: जिले से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित बोदरली गांव में एक ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला, जो हर किसी का दिल जीत ले। इस गांव में एक भी मुस्लिम परिवार नहीं रहता है, इसके बावजूद यहां के हिंदू ग्रामीण पीढ़ियों से सूफी संत हजरत सैयद बोदलशाह वली बाबा की दरगाह के मुख्य संरक्षक बने हुए हैं।
गुरुवार रात को उर्स के मौके पर इस गांव में संदल मुबारक का पारंपरिक जुलूस निकाला गया, जिसमें हिंदू ग्रामीणों ने सिर पर सफेद रुमाल बांधकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ढोल-ताशों की थाप और घोड़ों के साथ संदल का यह जुलूस गांव की संकरी गलियों से गुजरा, जिसमें दूर-दराज और पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र तक से आए श्रद्धालु शामिल हुए।
बोदरली गांव के निवासियों के लिए धर्म की दीवारें कभी कोई रुकावट नहीं बनीं। पिछले 30 से 40 सालों से दरगाह के मुजावर (देखरेख करने वाले) रमेश पाटिल बताते हैं कि इस गांव के हिंदू परिवारों का सूफी संत में अटूट विश्वास है। वे न केवल दरगाह की साफ-सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालते हैं, बल्कि उर्स के दौरान आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के ठहरने और खाने-पीने के इंतजाम भी खुद ही करते हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस दरगाह पर आने वाले भक्तों की मुरादें खाली नहीं जातीं। संतान प्राप्ति की आस में निसंतान दंपती भी यहां मन्नत मांगने आते हैं। पड़ोसी गांव से आए शेख अनवर मदनी कलंदर ने इस परंपरा की तारीफ करते हुए कहा कि हिंदू, जिस निष्ठा और सम्मान के साथ इन रस्मों को निभाते हैं, वह वाकई अद्भुत है। वे हर साल पूरी तैयारी करके आसपास के लोगों को इस आयोजन में शामिल होने का न्योता देते हैं।
8th Pay Commission: कितनी बढ़ेगी सैलरी और पेंशन? कर्मचारियों ने रखीं ये 5 बड़ी मांगें
इस दरगाह की लोकप्रियता केवल बुरहानपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र के अमरावती और अन्य इलाकों से भी लोग यहां खिंचे चले आते हैं। अमरावती से अपने रिश्तेदारों के यहां आए दीपक शिलुकर ने बताया कि जब उन्होंने इस अनूठी परंपरा के बारे में सुना, तो वे खुद को रोक नहीं पाए और जुलूस में शामिल हुए। माना जाता है कि इस गांव का नाम भी हजरत सैयद बोदलशाह वली बाबा के नाम पर ही 'बोदरली' पड़ा है।
Location : Burhanpur
Published : 14 November 2026, 7:35 PM IST