हिंदी
भक्ति का सफर बना दर्दनाक हादसा (Img- Dynamite News)
Faridkot: पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने और कांवड़ चढ़ाने जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही पूरे कोटकपूरा क्षेत्र में शोक की गहरी लहर दौड़ गई है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए श्री शिव तिलोकी नाथ कांवड़ संघ के सेवादार राजीव मलिक ने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोग लंबे समय से धार्मिक सेवा कार्यों से जुड़े हुए थे। मृतकों में से दो श्रद्धालु श्री शिव तिलोकी नाथ कांवड़ संघ के सेवादार थे, जो डेरा बाबा दुधाधारी में जल चढ़ाने जा रहे थे। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाला तीसरा कांवड़िया शिव कांवड़ संघ का सेवादार था, जिसे रामबाग मंदिर में अपनी कांवड़ अर्पित करनी थी।
सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले तीनों कांवड़ियों की पहचान मोहिंदर पाल, दीपक कुमार और जगदीश मित्तल के रूप में हुई है। तीनों ही कोटकपूरा के रहने वाले थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए चौथे कांवड़िया को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जो श्रद्धालु सुबह-सुबह हंसते-मुस्कुराते हुए भोलेनाथ के जयकारों के साथ घर से निकले थे, उनकी मौत की खबर आते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और धार्मिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंचे। पूरा इलाका इस समय गहरे सदमे में है और हर आंख नम नजर आ रही है।
Location : Faridkot
Published : 9 August 2026, 11:29 AM IST
Topics : Kanwar Yatra Punjab Accident Punjab News Sawan 2026