हिंदी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Source: Pinterest )
Prayagraj: प्रयागराज में 8 अगस्त को प्रस्तावित लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। कार्यक्रम को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि राहुल गांधी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार प्रयागराज आएंगे और छात्रों के बीच संवाद करेंगे। पार्टी का कहना है कि यह राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर केंद्रित संवाद है। साथ ही कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को रोकने की कोशिश छात्रों की आवाज दबाने की साजिश है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने स्पष्ट कहा कि 8 अगस्त को राहुल गांधी तय समय पर प्रयागराज पहुंचेंगे और किसी भी कीमत पर कार्यक्रम रद्द नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल छात्रों और युवाओं के मुद्दों को उठाना है। इसमें किसी भी राजनीतिक दल का झंडा या चुनावी गतिविधि नहीं होगी।
प्रयागराज ट्रिपल मर्डर: कमरे में थे सिर्फ तीन लोग या कोई चौथा भी? CCTV और सन्नाटे ने बढ़ाए सवाल
कांग्रेस ने प्रयागराज के केपी ग्राउंड में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। हालांकि, केपी ट्रस्ट की ओर से विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम निरस्त करने की बात कही गई है। इस पर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कार्यक्रम को अंतिम समय में रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है।
कांग्रेस पिछले कुछ समय से युवाओं और छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। पार्टी विभिन्न राज्यों में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिनमें पेपर लीक, सरकारी नौकरियों में कमी, संविदा भर्ती, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
नाबालिग को पेड़ से बांधा, ब्लेड से काटा और डाल दिया मिर्ची पाउडर… प्रयागराज में हैवानियत की हदें पार
कांग्रेस ने घोषणा की है कि राहुल गांधी के संदेश को प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में राहुल गांधी के संदेश के साथ-साथ यह भी बताया जाएगा कि प्रयागराज के कार्यक्रम को रद्द कराने की कोशिश क्यों हुई। कांग्रेस का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं के मुद्दों पर चर्चा नहीं होने देना चाहती, इसलिए ऐसे कार्यक्रमों में लगातार बाधाएं पैदा की जा रही हैं।
कांग्रेस द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी 8 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे दिल्ली से रवाना होंगे और 3:15 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इसके बाद शाम को आनंद भवन/स्वराज भवन में कुछ समय बिताएंगे। शाम 6:00 बजे से 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात 9:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।
Location : Prayagraj
Published : 6 August 2026, 8:40 PM IST