हिंदी
कांग्रेस MP इमरान मसूद का बड़ा ऐलान
Saharanpur: सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, विदेश नीति और मॉब लिंचिंग जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी।
सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने उन्हें जिताने के लिए दिन-रात मेहनत की थी और अब समय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का है। उन्होंने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में उनके परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। यह फैसला संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान इमरान मसूद ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन महीनों में देश रिकॉर्ड तोड़ महंगाई देखने वाला है क्योंकि देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को आम जनता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि इसका असर हर घर के बजट पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक परिवहन महंगा होने से रोजमर्रा की चीजों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं।
इमरान मसूद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि सरकार को देश की आर्थिक समस्याओं और बेरोजगारी की चिंता कम है, जबकि विदेश यात्राओं पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है, लेकिन जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाकर धार्मिक और भावनात्मक विषयों में उलझाया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवाओं का भविष्य खतरे में है। उन्होंने पेपर लीक और ठेका भर्ती व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। मसूद ने कहा कि लाखों युवा नौकरी की तैयारी करते हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों की वजह से उनका भविष्य अंधकार में जा रहा है।
बकरीद और गाय के मुद्दे पर बोलते हुए इमरान मसूद ने कहा कि कई मुस्लिम संगठनों ने गाय की कुर्बानी नहीं करने और दूसरे धर्मों की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर गाय करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है तो सरकार को उसे राष्ट्रीय पशु घोषित कर देना चाहिए।
नेहरू के बिना आपकी आइडियोलॉजी भी न होती- इमरान मसूद का पीएम मोदी पर तीखा पलटवार
इमरान मसूद ने मॉब लिंचिंग की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि “गाय के नाम पर मुसलमानों को सड़क पर रोका जाता है, पीटा जाता है और कई बार उनकी हत्या तक कर दी जाती है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर धर्म और हर वर्ग के साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है और किसी भी समुदाय के साथ अन्याय होने पर आवाज उठाती रहेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी का जिक्र करते हुए मसूद ने कहा कि कांग्रेस लगातार अर्थव्यवस्था, रोजगार और सामाजिक मुद्दों को उठा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी “नफरत बनाम मोहब्बत” की लड़ाई लड़ रही है और राहुल गांधी के नेतृत्व में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
Location : Saharanpur
Published : 25 May 2026, 2:33 PM IST