हिंदी
असम विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने 17 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सियासी हलचल तेज कर दी है। ममता बनर्जी के नेतृत्व में पार्टी राज्य में भाजपा और कांग्रेस को चुनौती देने की तैयारी में है। विभिन्न जिलों और समुदायों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
ममता बनर्जी ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट (Img: Google)
Dispur: असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपनी पहली उम्मीदवारों की सूची जारी कर सियासी पारा और चढ़ा दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में जारी इस सूची में 17 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है।
इस सूची में असम के विभिन्न जिलों और समुदायों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया है। कोकराझार जिले की बाओखुंगरी विधानसभा सीट (क्रमांक 4) से उदंगस्री नरजरारी को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि धुबरी जिले की बिलासीपारा सीट (क्रमांक 10) से मोमिनुर इस्लाम और गोलपारा जिले की जलेस्वर सीट (क्रमांक 12) से आरिफ अख्तर अहमद को टिकट दिया गया है। बोंगईगांव जिले की अभयापुरी सीट (क्रमांक 16) से कौशिक रंजन दास और बजाली जिले की बजाली सीट (क्रमांक 26) से कल्याणी कलिता को मैदान में उतारा गया है।
इसी क्रम में कामरूप जिले की चमरिया सीट (क्रमांक 27) से दुलु अहमद, बोको-चायगांव (एसटी) सीट (क्रमांक 28) से भोगलाल राभा और पलाशबाड़ी सीट (क्रमांक 29) से बिकाश नाथ योगी को उम्मीदवार बनाया गया है। नलबाड़ी जिले की बारखेत्री सीट (क्रमांक 38) से अमीरुल इस्लाम और तमुलपुर जिले की गोरेस्वर सीट (क्रमांक 44) से राजन चौहान को टिकट दिया गया है। दररांग जिले की मंगलदाई सीट (क्रमांक 50) से हरे कृष्णा डेका और धेमाजी जिले की धेमाजी (एसटी) सीट (क्रमांक 78) से नरेंद्र कुमार पाव को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
वहीं तिनसुकिया जिले की डिगबोई सीट (क्रमांक 84) से जितेन नाग और मकुम सीट (क्रमांक 85) से दिलीप मोरान को चुनावी मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा कछार जिले की उधारबंद सीट (क्रमांक 115) से तपस दास, कटिगोराह सीट (क्रमांक 116) से फजलुर रहमान लस्कर और सोनाई सीट (क्रमांक 119) से शाहजहां लस्कर को उम्मीदवार बनाया गया है।
TMC की यह सूची केवल उम्मीदवारों का ऐलान नहीं, बल्कि एक बड़ी रणनीति का हिस्सा है। पार्टी असम में भाजपा और कांग्रेस के अलावा तीसरा मजबूत विकल्प बनने की कोशिश कर रही है। खासकर ब्रह्मपुत्र घाटी, बोडोलैंड क्षेत्र और बराक घाटी में पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारकर यह संदेश दिया है कि वह हर क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाना चाहती है।