हिंदी
धनबाद के SNMMCH में बड़ा बदलाव तय
Dhanbad: धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल SNMMCH की हकीकत को परखने जब खुद सरकार के शीर्ष अधिकारी पहुंचे, तो सिस्टम की कमियां और जरूरतें साफ-साफ सामने आ गईं। इलाज के लिए जूझते मरीजों, सीमित संसाधनों और बढ़ते दबाव के बीच अब प्रशासन हरकत में आ गया है। इसी कड़ी में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और साफ संकेत दे दिए कि अब स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़े बदलाव होने वाले हैं।
शुक्रवार को झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार धनबाद पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SNMMCH) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और जमीनी हकीकत को करीब से समझने की कोशिश की।
धनबाद के SNMMCH में बड़ा बदलाव तय
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने साफ किया कि राज्य सरकार की मंशा है कि SNMMCH में मरीजों को हर जरूरी सुविधा एक ही जगह पर मिले। इसके लिए अस्पताल में संसाधनों को बढ़ाने और ढांचागत सुधार पर जोर दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और फैकल्टी की कमी को लेकर भी बातचीत हुई। इस पर मुख्य सचिव ने कहा कि फैकल्टी की संख्या बढ़ाना जरूरी है, लेकिन यह नियुक्ति प्रक्रिया के जरिए ही संभव होगा।
SNMMCH को अपग्रेड करने की योजना के तहत MBBS सीटों में बड़ा इजाफा किया जाएगा। फिलहाल जहां 100 सीटें हैं, उन्हें पहले चरण में बढ़ाकर 150 किया जाएगा। इसके बाद आगे चलकर इसे 250 तक ले जाने की तैयारी है।
अस्पताल के विस्तार को लेकर भी बड़ी योजना सामने आई है। अभी SNMMCH में करीब 570 बेड हैं, लेकिन इसे बढ़ाकर 1000 बेड करने की तैयारी है।
Jharkhand News: धनबाद के असर्फी अस्पताल में मानवता शर्मसार, बकाया रुपयों के लिए शव को बनाया बंधक
सरकार की योजना SNMMCH को एक आधुनिक और हाईटेक अस्पताल के रूप में विकसित करने की है। इसके तहत नई सुविधाएं, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक उपकरणों को शामिल किया जाएगा।
Location : Dhanbad
Published : 20 March 2026, 8:13 PM IST