दिवाली पर बाजार की मिठाई खरीदने की जरूरत नहीं, घर पर बनाएं मिल्क केक, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान
दिवाली पर बाजार की मिठाई की जगह घर पर बनाएं स्वादिष्ट मिल्क केक। जानिए दूध, चीनी और घी से मिल्क केक बनाने की आसान रेसिपी, जरूरी सामग्री और बनाने का सही तरीका। इस दिवाली परिवार को खिलाएं घर की बनी खास मिठाई।
दिवाली का त्योहार आते ही घरों में मिठाइयों की खुशबू फैलने लगती है। इस खास मौके पर लोग बाजार से तरह-तरह की मिठाइयां खरीदते हैं, लेकिन मिलावट और शुद्धता को लेकर मन में चिंता भी रहती है। ऐसे में क्यों न इस दिवाली बाजार की मिठाई खरीदने के बजाय घर पर ही स्वादिष्ट मिल्क केक बनाया जाए? इसे तैयार करना बेहद आसान है और इसका स्वाद भी बाजार जैसा लाजवाब होता है। (Img- Pinterest)
2 / 5
घर पर मिल्क केक बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए एक लीटर फुल क्रीम दूध, आधा कप चीनी, दो चम्मच नींबू का रस, दो चम्मच देसी घी और आधा चम्मच इलायची पाउडर लें। सजावट के लिए कटे हुए बादाम और पिस्ता भी रख सकते हैं। इन साधारण सामग्रियों से आप घर पर स्वादिष्ट और दानेदार मिल्क केक तैयार कर सकते हैं। (Img- Pinterest)
3 / 5
मिल्क केक बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही में दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। दूध में उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और लगातार चलाते हुए इसे पकाते रहें। जब दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे तो इसमें धीरे-धीरे नींबू का रस मिलाएं। इससे दूध फटकर दानेदार हो जाएगा। अब अतिरिक्त पानी सूखने तक इसे लगातार चलाते हुए पकाएं। (Img- Pinterest)
4 / 5
जब दूध का मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए तो इसमें चीनी और देसी घी डाल दें। अब इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें, ताकि मिश्रण कड़ाही के तले में चिपके नहीं। कुछ देर बाद मिश्रण का रंग हल्का भूरा होने लगेगा। इसमें इलायची पाउडर मिलाकर अच्छी तरह चलाएं। जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दें। (Img- Pinterest)
5 / 5
अब एक थाली या ट्रे में थोड़ा घी लगाकर तैयार मिश्रण को फैला दें। ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर हल्के हाथों से दबा दें। इसे 4 से 5 घंटे के लिए ठंडा होने दें, ताकि मिल्क केक अच्छी तरह जम जाए। इसके बाद मनचाहे आकार में काट लें। इस दिवाली घर पर बने शुद्ध और स्वादिष्ट मिल्क केक से परिवार और मेहमानों का मुंह मीठा कराएं। (Img- Pinterest)