

GST 2.0 के प्रस्ताव ने भारतीय शेयर बाजार में नई जान फूंक दी है। सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी आई, खासतौर पर ऑटो सेक्टर में शानदार उछाल देखा गया। विशेषज्ञों के मुताबिक निवेशकों में भरोसा लौट रहा है। आइए जानते हैं कि कल मार्केट का क्या हाल रहने वाला है।
शेयर बाजार में खुशी की लहर
New Delhi: केंद्र सरकार द्वारा GST 2.0 के तहत नई दो-स्तरीय टैक्स स्ट्रक्चर का प्रस्ताव रखते ही भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। आज यानी सोमवार 18 अगस्त को बाजार में जोश का माहौल रहा। सेंसेक्स 676.09 अंक (0.84%) चढ़कर 81,273 पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 245.65 अंक (1.02%) की तेजी के साथ 24,876.95 पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों के मुताबिक, सरकार के इस प्रस्ताव ने घरेलू निवेशकों को बड़ा भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि, 'टैक्स सुधार से ऑटोमोबाइल सेक्टर को सबसे ज्यादा फायदा होता नजर आ रहा है, जिससे ऑटो स्टॉक्स में जबरदस्त तेजी आई है।'
विशेषज्ञ ने कहा कि जीएसटी सुधार, क्रूड की कीमतों में नरमी और सोवरन रेटिंग अपग्रेड जैसे कारकों ने निवेशकों का सेंटिमेंट सकारात्मक किया है।
सोमवार को मारुति सुजुकी का शेयर सबसे अधिक 8.94% की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके अलावा हुंडई मोटर इंडिया के शेयर में भी 8.45% का इजाफा देखा गया। बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ट्रेंट के शेयर भी मजबूत बंद हुए।
मारुति-हुंडई ने मारी बाज़ी
ऑटो इंडेक्स में 4.26% की बढ़त दर्ज की गई, जिससे यह सेक्टर बाजार का स्टार परफॉर्मर बना। सरकार द्वारा प्रस्तावित GST 2.0 के तहत 5% और 18% की दो मुख्य दरें प्रस्तावित की गई हैं, जबकि कुछ विशेष वस्तुओं पर 40% की उच्च दर का सुझाव दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस प्रस्ताव पर मंत्रिसमूह की 20 और 21 अगस्त को दिल्ली में बैठक होगी। इसमें दरों को अंतिम रूप देने पर चर्चा की जाएगी।
एशियाई बाजारों की बात करें तो जापान का निक्केई और चीन का शंघाई कंपोजिट हरे निशान में बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी गिरावट में रहे। वहीं, यूरोपीय बाजारों में दोपहर के सत्र में कमजोरी देखने को मिली।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.62% बढ़कर 66.25 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इसके अलावा, शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, FII ने गुरुवार को ₹1,926.76 करोड़ की बिकवाली की थी, लेकिन सोमवार को घरेलू निवेशकों ने बाजार को मजबूती दी।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन होता है। निवेश से पहले विशेषज्ञ की राय अवश्य लें।