हिंदी
यूट्यूबर नितीश राजपूत
New Delhi: लोकप्रिय यूट्यूबर नितीश राजपूत इन दिनों सुर्खियों में हैं। SSC (स्टाफ सिलेक्शन कमीशन) परीक्षा से जुड़े एक वीडियो को लेकर उनके खिलाफ नोएडा स्थित कंपनी एडुक्विटी टेक्नोलॉजीज ने 2.5 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी ने दिल्ली की एक अदालत में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि नितीश राजपूत ने अपने वीडियो में उसके टेंडर प्रक्रिया और कामकाज पर सवाल उठाकर उसकी छवि खराब की है।
नितीश राजपूत ने अपने वायरल वीडियो में RTI से मिले जवाबों और कुछ सरकारी दस्तावेजों का हवाला देते हुए SSC परीक्षाओं के संचालन में कथित अनियमितताओं की बात कही थी। उन्होंने नियमों में बदलाव, परीक्षा संचालन की प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए और कहा कि इससे परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सरकार नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के बीच बहस तेज हो गई। कई छात्रों ने परीक्षा में देरी, तकनीकी गड़बड़ियों और व्यवस्थागत समस्याओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। वहीं कुछ लोगों ने नितीश राजपूत का समर्थन करते हुए कहा कि वे छात्रों की आवाज उठा रहे हैं।
नितीश राजपूत का जन्म वर्ष 1989 में उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हुआ था। उनका पालन-पोषण रुद्रपुर में हुआ और बाद में वे दिल्ली चले आए। उन्होंने गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी से आईटी में बीटेक की पढ़ाई की है। नितीश अपने यूट्यूब चैनल पर तथ्यात्मक, विश्लेषणात्मक और जानकारी आधारित कंटेंट के लिए जाने जाते हैं।
नितीश राजपूत के यूट्यूब चैनल पर करीब 81 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या लगभग 35 लाख बताई जाती है। सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच उनका चैनल काफी लोकप्रिय है, जहां वे सूचना, दस्तावेजों और अपनी राय के साथ वीडियो पेश करते हैं।
पिछले साल भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान नितीश राजपूत का यूट्यूब चैनल पाकिस्तान में ब्लॉक कर दिया गया था। उनकी कुल संपत्ति को लेकर आधिकारिक आंकड़े सामने नहीं हैं, लेकिन अलग-अलग रिपोर्ट्स में उनकी नेटवर्थ 86 करोड़ से 128 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है, जो यूट्यूब कमाई, ब्रांड डील्स और स्पॉन्सरशिप से आती है।
खजनी तहसील में उबाल, एडीएम–सीआरओ के सामने अधिवक्ताओं का प्रदर्शन; की ये बड़ी मांग
फिलहाल यह मामला कोर्ट में है और इस पर आगे की सुनवाई होनी बाकी है। इस विवाद ने एक बार फिर SSC परीक्षाओं की पारदर्शिता और सोशल मीडिया पर उठाए जा रहे सवालों को राष्ट्रीय बहस का मुद्दा बना दिया है।
Location : New Delhi
Published : 10 February 2026, 6:29 PM IST