हिंदी
बीजेपी पश्चिम बंगाल में किसे बनाएगी सीएम (Img: Dynamite News)
Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजनीति एक निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। ताजा चुनावी रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य की 293 विधानसभा सीटों में से 161 पर बढ़त बनाकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) 126 सीटों पर आगे चल रही है। इन आंकड़ों ने राज्य में संभावित सत्ता परिवर्तन की चर्चाओं को और मजबूत कर दिया है।
अगर यही रुझान अंतिम परिणाम में बदलते हैं, तो यह पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा, जहां लंबे समय से सत्ता में रही TMC को सत्ता से बाहर होना पड़ सकता है। इसी बीच सबसे बड़ा सवाल उठने लगा है-अगर BJP सरकार बनाती है, तो मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा?
पार्टी के भीतर कई नामों पर गंभीर मंथन चल रहा है और कुछ प्रमुख नेता इस दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी इस रेस में सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। वे नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं और सीधे तौर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं। संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक अनुभव के कारण उन्हें एक मजबूत नेतृत्व विकल्प माना जा रहा है।
दूसरी ओर, BJP के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य भी इस सूची में शामिल हैं। RSS पृष्ठभूमि वाले भट्टाचार्य को पार्टी संगठन को मजबूत करने का श्रेय दिया जाता है। उनकी रणनीतिक भूमिका ने राज्य में BJP के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
बंगाल में बीजेपी की जीत; भगवा लहर के पीछे ये 5 बड़े फैक्टर
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी मुख्यमंत्री पद की संभावित दौड़ में हैं। उनकी छवि एक जमीनी नेता की रही है और 2019 तथा 2021 के चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है। वर्तमान में वे खड़गपुर सदर से चुनाव लड़ रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी एक मजबूत नाम के रूप में उभर रहे हैं, जिन्होंने उत्तर बंगाल में पार्टी की पकड़ मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं, अग्निमित्रा पॉल को भी पार्टी के भीतर एक उभरते महिला चेहरे के रूप में देखा जा रहा है, जो संगठन और आंदोलन दोनों में सक्रिय रही हैं।
Assembly Election Results 2026: देखें पांचों मुख्यमंत्रियों का हाल, कौन आगे और कौन पीछे?
इसके अलावा, अभिनेत्री से नेता बनीं रूपा गांगुली भी इस दौड़ में शामिल हैं, जिनकी शहरी मतदाताओं के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है।
Location : Kolkata
Published : 4 May 2026, 12:15 PM IST
Topics : Assembly Election Result 2026 Assembly Elections 2026 Indian politics Mamata Banerjee West Bengal Next CM