हिंदी
पहाड़ों पर बर्फबारी (Img: Google)
New Delhi: हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में तापमान में तीव्र गिरावट दर्ज की जा रही है। कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा बढ़ने लगा है और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। उत्तराखंड के केदारनाथ के ऊंचाई वाले पहाड़ों पर बर्फबारी से पारा गिरकर -13 डिग्री पर पहुंच गया है।
उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम यानी वायुमंडल की ऊपरी परत में चलने वाली तेज हवाओं ने मौसम के मिजाज को पूरी तरह बदल दिया है।
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। कम दृश्यता के कारण सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। पूर्वी बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवात सक्रिय है।
दक्षिण-पूर्व व दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा की गति 35 से 45 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश, उत्तरी विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 9 दिसंबर को शीतलहर की स्थिति बन सकती है जहां तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने के आसार हैं। ओडिशा में भी पारा गिरने और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भी अगले दो-तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की संभावना जताई गई है।
देश में मंगलवार और बुधवार को अधिकतम तापमान कर्नाटक के कारवार में 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पंजाब के आदमपुर में 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उत्तराखंड में आज पहाड़ से मैदान तक बरसेगी शीतलहर की मार, तापमान लुढ़कते ही बढ़ेगी ठिठुरन
उत्तर भारत में ठंड ने अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली से सटे यूपी और बिहार में आज सुबह से ही शीतलहर का असर तेज हो गया है। पूर्वी यूपी के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहने से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक यूपी के कई शहरों में शीतलहर और अधिक प्रबल हो सकती है। इसके बाद सप्ताह की शुरुआत से तापमान में और गिरावट देखी जाएगी।
बिहार में भी मौसम का मिज़ाज बदल गया है। पटना, पूर्णिया, किशनगंज सहित कई जिलों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। झारखंड के रांची और जमशेदपुर में भी आज भीषण शीतलहर रहने की संभावना है, जिससे लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 9 December 2025, 8:00 AM IST