हिंदी
लोकसभा (प्रतीकात्मक छवि)
New Delhi: संसद के बजट सत्र के बीच चल रही राजनीतिक तनातनी आखिरकार खत्म हो गई है। लोक सभा में पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसदों का निलंबन अब वापस ले लिया गया है। मंगलवार को सदन में प्रस्ताव लाकर इसे मंजूरी दी गई, जिसके बाद सभी सांसदों की सदस्यता बहाल हो गई।
इस पूरे मामले में अहम भूमिका सोमवार को हुई सर्वदलीय बैठक ने निभाई। ओम बिरला की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच बातचीत हुई। बैठक में लंबे समय से जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए आपसी सहमति बनी कि निलंबन वापस लिया जाए, ताकि सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चल सके।
दरअसल, बजट सत्र के पहले चरण में राष्ट्रपति के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया था। राहुल गांधी को बोलने का मौका नहीं दिए जाने के विरोध में विपक्षी सांसद वेल में आ गए थे और जमकर प्रदर्शन किया था। इसी हंगामे के चलते सात कांग्रेस सांसदों समेत कुल आठ विपक्षी सदस्यों को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को शून्यकाल में भी विपक्षी सदस्यों के निलंबन को गलत बताते हुए उनका निलंबन खत्म करने की मांग उठाई थी। स्पीकर ने इसे सदन का फैसला बताते हुए वेणुगोपाल को इस मामले पर आगे बोलने की इजाजत नहीं दी। हालांकि शाम साढ़े चार बजे स्पीकर बिरला ने इस पर चर्चा के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई।
Location : New Delhi
Published : 17 March 2026, 12:46 PM IST
Topics : Lok Sabha MP Om Birla Parliament News suspension