क्या बंद हो जाएगा झारखंड का बड़ा सीमेंट प्लांट? 22 KM पैदल चलकर उठी बड़ी मांग

चाईबासा में झींकपानी स्थित ACC सीमेंट प्लांट को बंद करने की घोषणा के विरोध में एसीसी बचाओ संघर्ष समिति ने 22 किलोमीटर लंबी महापदयात्रा निकाली। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्लांट बंद होने से करीब 1600 मजदूर परिवारों और स्थानीय कारोबारियों की आजीविका पर संकट आ जाएगा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 July 2026, 6:24 PM IST
google-preferred

Chaibasa : जिले में ACC सीमेंट प्लांट को बंद करने की घोषणा के बाद इलाके में चिंता बढ़ गई है। झींकपानी स्थित इस प्लांट को 16 अगस्त से बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को एसीसी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी महापदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा झींकपानी से चाईबासा तक करीब 22 किलोमीटर चली। जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर, स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

1600 मजदूर परिवारों की आजीविका पर संकट

महापदयात्रा का नेतृत्व समिति के संयोजक रमेश बालमुचू ने किया। इस दौरान रमेश बालमुचू और सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र गोप ने कहा कि पूरा स्थानीय बाजार प्रभावित होगा। उनका कहना है कि करीब 1600 मजदूर परिवारों की रोजी-रोटी इस प्लांट से जुड़ी है। इसके अलावा दुकानदार, सब्जी विक्रेता, परिवहन व्यवसायी और छोटे व्यापारी भी इसी उद्योग पर निर्भर हैं।

80 साल पुराना उद्योग क्षेत्र की आर्थिक रीढ़

आंदोलनकारियों ने कहा कि करीब 80 साल पुराना यह उद्योग क्षेत्र की आर्थिक रीढ़ है। अगर प्लांट बंद होता है तो इलाके में बेरोजगारी बढ़ेगी और लोगों को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि इस प्लांट को बंद होने से बचाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं।

चाईबासा की सड़कों पर आधी रात को गूंजी ढोल-ताशों की आवाज, पारंपरिक हथियारों के साथ उतरे युवा तो थम गईं सबकी निगाहें!

उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

महापदयात्रा टोंटो प्रखंड के रजांका चौक से शुरू होकर चाईबासा उपायुक्त कार्यालय पहुंची। शुरुआत में उपायुक्त मनीष कुमार कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इसलिए प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। बाद में उपायुक्त के पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल को बुलाया गया और रमेश बालमुचू के हाथों मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन लिया गया।

मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन

उपायुक्त मनीष कुमार ने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और भावनाओं को सरकार और मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जो भी संभव होगा। वह किया जाएगा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी सहित जिला और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Chaibasa

Published :  1 July 2026, 6:22 PM IST

Advertisement